Breaking News

अगर आज लोकसभा चुनाव हुए तो इंडिया ब्लॉक को 185 सीटें संभव: MOTN सर्वे     |   WB: TMC का पुलिस पर अभिषेक बनर्जी-डेरेक ओ'ब्रायन के साथ मारपीट का आरोप     |   47% लोगों ने कहा कि परिसीमन से जोड़े बिना महिला आरक्षण लागू हो: MOTN सर्वे     |   47% ने कहा राम मंदिर चढ़ावा चोरी का केंद्र-राज्य सरकारों पर नकारात्मक असर: MOTN     |   MOTN सर्वे में 70 फीसदी लोगों ने 'एक देश, एक चुनाव' का समर्थन किया     |  

घर में लगी आग बुझाने के दौरान गैस सिलेंडर में विस्फोट, पुलिसकर्मियों समेत 13 लोग घायल

उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मजलिस पार्क में एक घर में लगी आग को बुझाने की कोशिश के दौरान एक एलपीजी सिलेंडर फट गया, जिससे दमकलकर्मियों और पुलिसकर्मियों समेत 13 लोग घायल हो गए। घर में सुबह करीब नौ बजे आग लग जाने के बाद उसे बुझाने का प्रयास कर रहे छह पुलिसकर्मी और दमकलकर्मी एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट के कारण घायल हो गए। इस दौरान इमारत और आसपास मौजूद कई स्थानीय लोग भी घायल हो गए।

पुलिस और दमकल कर्मियों की टीम तुरंत मौके पर पहुंचीं और उन्होंने आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘अभियान के दौरान एक एलपीजी सिलेंडर फट गया, जिससे आग बुझाने और निवासियों को निकालने की कोशिश कर रहे कई कर्मी घायल हो गए।’’
इस घटना में आदर्श नगर पुलिस थाने के तीन पुलिसकर्मी और वजीरपुर अग्निशमन कार्यालय के तीन अधिकारी घायल हो गए।

सभी घायलों को पहले बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया। चोटों की गंभीरता को देखते हुए उन्हें सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया गया और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है। दमकल विभाग के अथक प्रयासों के बाद आग पर काबू पा लिया गया। प्राधिकारी इस घटना के दौरान हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं। आग लगने की वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है। प्राधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि आग क्या पार्किंग क्षेत्र में ‘शॉर्ट सर्किट’ के कारण लगी थी या इसके लिए एलपीजी का रिसाव जिम्मेदार है।