Breaking News

उत्तराखंड में 10 IAS और 20 PCS अफसरों का ट्रांसफर, कई जिलों के CDO बदले     |   दिल्ली: शास्त्री पार्क अंडरपास के पास डीटीसी बस में लगी आग     |   सऊदी अरब में हूतियों का ड्रोन अटैक, पंपिंग स्टेशन को निशाना बनाने का दावा     |   अमेरिका: ब्रुकलिन में इमारत गिरने से एक की मौत, 10 जख्मी     |   हैदराबाद: मूसी कायाकल्प का पहला चरण जल्द होगा शुरू, CM रेवंत रेड्डी का ऐलान     |  

दिल्ली के चार स्कूलों और पंजाब-हरियाणा सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी

दिल्ली में आज सुबह अलग-अलग इलाकों में स्थित कई प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली. सूचना पर पहुंची पुलिस ने सुरक्षा कारणों से संबंधित स्कूलों को तुरंत खाली करा लिया. वहीं पंजाब और हरियाणा में सचिवालय को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है. पंजाब और हरियाणा के कई प्रमुख स्कूलों को कल बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. धमकी ई-मेल के माध्यम से दी गई है. पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हैं.

दिल्ली कैंट स्थित लोरेटो कॉन्वेंट को सुबह 8:22 बजे, सीआर पार्क स्थित डॉन बॉस्को स्कूल को सुहह 9:18 बजे, आनंद निकेतन स्थित कार्मेल स्कूल को सुबह 9:22 बजे और द्वारका सेक्टर-23 स्थित कार्मेल स्कूल को सुबह 9:25 बजे बम से उड़ाने की धमकी मिली. धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला. दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने स्कूल परिसरों की सघन तलाशी ली. जांच के दौरान किसी भी स्कूल से संदिग्ध वस्तु के बरामद होने की सूचना नहीं है. पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हैं.

बीते बुधवार को पंजाब और हरियाणा के 30 प्रमुख स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. वहीं आज ई-मेल के जरिए पंजाब और हरियाणा के सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते की ओर से पंजाब और हरियाणा सचिवालय की जांच की जा रही है. सचिवालय में भारी संख्या में पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है. पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं.