Breaking News

IND vs ENG U19 वर्ल्ड कप फाइनल: भारतीय टीम ने जीता टॉस, इंग्लैंड की पहले गेंदबाजी     |   'लक्ष्य कभी भी आसान नहीं होना चाहिए...', 'परीक्षा पे चर्चा' में PM मोदी की छात्रों को सीख     |   यूपी में SIR ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने-हटाने की आज आखिरी तारीख     |   जालंधर: गुरुद्वारा के बाहर AAP नेता की हत्या, लक्की ओबेरॉय को मारी गईं पांच गोलियां     |   युवराज मौत मामला: इलाहाबाद हाई कोर्ट से बिल्डर अभय कुमार को राहत, रिहा करने का आदेश     |  

भारी बारिश के चलते रेलवे ने जम्मू में 30 सितंबर तक 68 ट्रेनों को किया रद्द

उत्तर रेलवे ने 30 सितंबर तक के लिए जम्मू और कटरा स्टेशनों से आने-जाने वाली 68 ट्रेनों को रद्द करने की घोषणा की जबकि 24 ट्रेनों को फिर से शुरू करने का निर्णय लिया है। हाल ही में हुई भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ के कारण पठानकोट-जम्मू खंड में कई स्थानों पर रेल लाइन टूट-फूट गई है जिसके कारण पिछले आठ दिनों से जम्मू रेलवे संभाग में रेल यातायात स्थगित है। जम्मू क्षेत्र में 26 अगस्त (मंगलवार) से भारी बारिश के कारण रेल और सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जिससे बड़ी संख्या में लोग खासकर तीर्थयात्री फंस गए हैं। कटरा में माता वैष्णो देवी मंदिर के पास हुए भूस्खलन में 34 लोगों की जान चली गई। 

तीन ट्रेनों के साथ शटल सेवाएं शुरू

बुधवार तक जम्मू क्षेत्र में 1910 के बाद से सबसे ज्यादा 380 मिमी बारिश दर्ज की गई। एक अधिकारी ने बताया, “स्थानीय लोगों और जम्मू तथा कटरा के बीच फंसे यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए तीन ट्रेनों के साथ शटल सेवाएं शुरू कर दी गई हैं।” मौसम विभाग ने घाटी के कुछ इलाकों में आगे भी भारी बारिश की संभावना जताई है। कश्मीर घाटी के कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश कर हो रही है। 

झेलम नदी में बाढ़ की चेतावनी

अधिकांश हिस्सों में बारिश की तीव्रता हल्की से मध्यम रही, जबकि दक्षिण कश्मीर के कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई। खराब मौसम के पूर्वानुमान के मद्देनजर सभी संबंधित विभाग हाई अलर्ट पर हैं लेकिन अभी तक घाटी में झेलम नदी और अन्य जलाशय बाढ़ की चेतावनी के निशान से काफी नीचे हैं। मौसम विभाग ने बताया कि पीर पंजाल पर्वतमाला और दक्षिण कश्मीर के कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश या थोड़े समय के लिए तेज बौछारें पड़ने की संभावना है। अगले 16 घंटों के दौरान अनंतनाग, शोपियां और कुलगाम जिलों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ संवेदनशील स्थानों पर बादल फटने, अचानक बाढ़ आने, भूस्खलन या जलभराव की आशंका है।