Breaking News

बस सवालों से इतनी घबराहट? मोदी सच्चाई से ऐसा डरे, झूठ की शरण ले ली: राहुल गांधी     |   राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण खत्म, 1 घंटा 35 मिनट चला संबोधन     |   चेक बाउंस केस: दिल्ली HC के आदेश के बाद राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल में सरेंडर किया     |   मेघायल कोयला खदान हादसा: अब तक 16 मजदूरों की मौत, कई अन्य के दबे होने की आशंका     |   राज्यसभा: ‘उन्होंने महात्मा गांधी का सरनेम चुराया’, PM मोदी ने राहुल पर साधा निशाना     |  

दिल्ली के शाहदरा में डबल मर्डर, बुजुर्ग दंपत्ति की घर में हत्या

देश की राजधानी दिल्ली के शाहदरा स्थित राम नगर एक्सटेंशन इलाके में बुज़ुर्ग दंपत्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना बीती रात की है. जब थाना एम.एस. पार्क को रात करीब 12:30 बजे कॉल प्राप्त हुई. कॉल करने वाले युवक ने बताया कि उसके माता-पिता घर में बेहोश पड़े हैं और संभवतः उनकी मृत्यु हो चुकी है.

पड़ोसी कैलाश ने बताया कि पहले उन्हें घर से चिल्लाने की आवाज सुनाई दी थी. उन्होंने सामने रहने वाले पड़ोसी को फोन किया और मौके पर पहुंचे. वहां उन्होंने देखा कि दंपत्ति बेहोशी की हालत में पड़े थे. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और मृतकों के परिजनों को भी फोन करवाया गया.
सूचना मिलते ही जांच अधिकारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. वहां उनकी मुलाकात पीसीआर कॉलर वैभव बंसल से हुई, जो मृतक दंपत्ति के पुत्र हैं. वैभव बंसल ने बताया कि वह रात करीब 11:45 बजे घर पहुंचे थे. घर में माता-पिता को इस हालत में देखकर वह घबरा गए और जोर-जोर से चिल्लाने लगे, जिससे पड़ोसी इकट्ठा हुए.

पुलिस द्वारा निरीक्षण करने पर मकान की तीसरी मंजिल पर दो अलग-अलग कमरों में दो शव पाए गए. मृत महिला की पहचान 65 वर्षीय परवेश बंसल के रूप में हुई, जबकि मृत पुरुष की पहचान 75 वर्षीय वीरेंद्र कुमार बंसल के रूप में की गई. दोनों उसी मकान में रहते थे. पुलिस के अनुसार, मृतक वीरेंद्र कुमार बंसल के चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को मौके पर बुलाया गया. टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फोटोग्राफी व अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया गया है.

थाना एम.एस. पार्क DCP प्रशांत गौतम ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. लूटपाट की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता, हालांकि, अभी किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाज़ी होगी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. फिलहाल मामले को डबल मर्डर मानकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।