Breaking News

अंकिता भंडारी हत्याकांड: मुख्य आरोपी पुलकित के पिता और वकील के खिलाफ जीरो FIR     |   ‘धारा 301’ जांच और 25 प्रतिशत शुल्क को लेकर भारत का अमेरिका को सीधा जवाब     |   दिल्ली के यमुना खादर में मुठभेड़, आरोपी अमन गुर्जर के पैर में गोली     |   उत्तराखंड चुनाव 2027 से पहले प्रशासन में बड़ा फेरबदल, 13 IAS और 17 IPS अफसरों का किया ट्रांसफर     |   26/11 हमले के 18 साल हुए पूरे, चश्मदीद ने बताया-आज भी नहीं सो पाता ठीक से     |  

योगी सरकार के विकास से अयोध्या में बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़, 15 दिन में एक करोड़ से अधिक भक्त पहुंचे रामनगरी

कार्तिक माह में रामनगरी अयोध्या श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से गुलजार रही। बीते 15 दिनों में एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे और रामलला के दर्शन किए। दीपोत्सव, चौदह कोसी परिक्रमा, पंचकोसी परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा के स्नान के दौरान पूरी नगरी भक्तिमय माहौल में नजर आई।

श्रद्धालुओं ने राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन के साथ ही सूर्यकुंड, गुप्तारघाट और भरतकुंड जैसे धार्मिक स्थलों का भी भ्रमण किया। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से स्थानीय कारोबार को भी काफी फायदा हुआ। व्यापारियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि अयोध्या में विकास कार्यों और बेहतर सुविधाओं के कारण श्रद्धालुओं का आना लगातार बढ़ रहा है।

दीपोत्सव से कार्तिक पूर्णिमा तक लाखों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

दीपोत्सव के दौरान करीब 10 लाख श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे। चौदह कोसी परिक्रमा में लगभग 30 लाख और पंचकोसी परिक्रमा में करीब 50 लाख भक्तों ने हिस्सा लिया।

वहीं, कार्तिक पूर्णिमा के पवित्र स्नान के दौरान लगभग 35 लाख श्रद्धालु रामनगरी पहुंचे। इस दौरान राम मंदिर, हनुमानगढ़ी के अलावा सूर्यकुंड, गुप्तारघाट और भरतकुंड में भी बड़ी संख्या में लोगों ने दर्शन-पूजन किया।

राम मंदिर के बाद अयोध्या में बढ़ा पर्यटन और आस्था का मेल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या में हुए विकास कार्यों से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। नए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन के विस्तार, चौड़ी सड़कों, पार्किंग, बेहतर रोशनी और साफ-सफाई की व्यवस्था ने लोगों की यात्रा को आसान बनाया है।

राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में धार्मिक पर्यटन तेजी से बढ़ा है। सरकार और प्रशासन की ओर से सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया, जिससे बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं को दर्शन करने में सुविधा मिली।

15 दिनों में हुआ सालभर के बराबर कारोबार

हनुमानगढ़ी के पास फूल-माला और प्रसाद की दुकान चलाने वाले रामप्रकाश शर्मा ने बताया कि दीपोत्सव से कार्तिक पूर्णिमा तक दुकान पर सुबह से रात तक ग्राहकों की भीड़ रही।

उन्होंने कहा कि पहले पूरे साल में जितना कारोबार होता था, उतना इन 15 दिनों में हो गया। शहर में साफ-सफाई और सुविधाएं बेहतर होने से श्रद्धालु आसानी से पहुंच रहे हैं और खरीदारी भी कर रहे हैं।

विकास योजनाओं से स्थानीय व्यापारियों को भी फायदा

रामकोट क्षेत्र में पूजा सामग्री और स्मृति चिह्न बेचने वाले व्यापारी अजय कुमार ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या काफी ज्यादा रही। राम मंदिर के साथ सूर्यकुंड और गुप्तारघाट जैसे स्थलों पर भी भीड़ देखने को मिली।

उन्होंने कहा कि कारोबार पहले के मुकाबले दो से तीन गुना तक बढ़ गया है। सड़कों के चौड़ीकरण, बेहतर रोशनी और पार्किंग की सुविधा से व्यापारियों को भी फायदा मिल रहा है।

होटल, रेस्तरां और स्थानीय दुकानों में बढ़ी कमाई

अयोध्या में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या का असर होटल, रेस्तरां, ऑटो-रिक्शा और स्थानीय दुकानों के कारोबार पर भी पड़ा। दीपोत्सव, परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा के दौरान प्रशासन ने अलग-अलग विभागों के साथ मिलकर व्यवस्थाएं संभालीं।

अयोध्या को विश्वस्तरीय धार्मिक पर्यटन स्थल बनाने की दिशा में हो रहे विकास कार्यों से न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिल रही है, बल्कि स्थानीय लोगों की कमाई और शहर की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।

श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता दी गई : डीएम

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पानी, शौचालय, चिकित्सा, सुरक्षा और यातायात की व्यवस्था की गई थी। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के बेहतर तालमेल से दीपोत्सव, परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा स्नान के आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुए। प्रशासन ने पूरे समय श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी।