दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए लोगों से मिलकर काम करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सफाई और यमुना को स्वच्छ रखना सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
यमुना सफाई अभियान में अभिनेता जैकी श्रॉफ, अभिनेत्री ईशा गुप्ता और गायक बिस्मिल ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान सभी ने लोगों से कचरे का सही प्रबंधन करने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने की अपील की।
अभियान को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह पहल सिर्फ मुनक नहर तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी दिल्ली और मां यमुना की स्वच्छता से जुड़ी है। दिल्ली हमारी अपनी है, इसलिए इसे साफ और हरा-भरा रखने की जिम्मेदारी भी हम सभी की है।
सीएम ने कहा कि लोग अपने धार्मिक और सांस्कृतिक त्योहारों को पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मनाते हैं, लेकिन कार्यक्रम खत्म होने के बाद उस जगह की सफाई करना भी उनकी जिम्मेदारी है। सरकार स्वच्छता के लिए लगातार काम कर रही है, लेकिन जब जनता भी इसमें शामिल होती है तो अभियान को और मजबूती मिलती है।
उन्होंने अभियान में शामिल स्कूली बच्चों और कलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि सभी का एक साथ आना यह संदेश देता है कि मिलकर प्रयास करने से दिल्ली और देश को स्वच्छ बनाया जा सकता है।
वहीं, अभिनेता जैकी श्रॉफ ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा केवल बातें करने से नहीं होगी, बल्कि इसके लिए सभी को खुद आगे आकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य के लिए हमें उनके पीछे हरियाली, साफ हवा और स्वच्छ पानी छोड़कर जाना चाहिए।
अभिनेत्री ईशा गुप्ता ने भी लोगों से अपील की कि वे सार्वजनिक जगहों पर कचरा फेंकने से पहले एक बार जरूर सोचें। उन्होंने कहा कि यह धरती, देश और हमारा भविष्य है। इसलिए साफ-सफाई को हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री की बात का समर्थन करते हुए कहा कि देश को स्वच्छ रखना केवल सरकार का काम नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
गायक बिस्मिल ने दिल्ली सरकार, भामला फाउंडेशन और मॉडर्न स्कूल की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि कचरे का सही तरीके से निपटान करना और दिल्ली को साफ रखना हर नागरिक का कर्तव्य है। आखिरकार यह हमारी दिल्ली है और इसे स्वच्छ बनाए रखने में सभी को योगदान देना चाहिए।