Breaking News

MP: नरसिंहपुर में गन्ने के भाव को लेकर उबल पड़े किसान, NH-44 पर पुलिस से झड़प     |   PM मोदी की अध्यक्षता में आज दोपहर सेवा तीर्थ में कैबिनेट की अहम बैठक     |   लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण देना हमारा संकल्प: BJP नेता गौरव वल्लभ     |   हैदराबाद के GVK मॉल को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने मॉल को खाली कराया     |   क्राइस्टचर्च टेस्ट: भारत ने टॉस जीता, न्यूजीलैंड को बैटिंग करने का दिया न्योता     |  

दिल्ली की हवा फिर खराब, AQI 220 पर पहुंचा, सुप्रीम कोर्ट BS-VI वाहनों पर लगा सकता है रोक

राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह भी प्रदूषण से राहत नहीं मिली। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 8 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स 220 दर्ज किया गया। इसके साथ ही हवा की गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में बनी रही।

वजीरपुर में सबसे ज्यादा प्रदूषण

दिल्ली के निगरानी केंद्रों में वजीरपुर का AQI सबसे अधिक 273 रहा। इसके बाद बवाना में 266, पंजाबी बाग में 260 और चांदनी चौक में 257 दर्ज किया गया। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर AQI 289 और ITO में 285 रहा। दोनों जगह हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई।

अन्य इलाकों में IIT दिल्ली का AQI 242, आनंद विहार और नरेला का 239-239, रोहिणी का 233, मुंडका का 231, विवेक विहार का 222, अशोक विहार का 221 और आरके पुरम का 220 रहा। सोनिया विहार में AQI 217, द्वारका सेक्टर-8 में 207 और ओखला फेज-2 में 203 दर्ज किया गया।

वहीं, उत्तम नगर में AQI 193 और वसुंधरा एन्क्लेव में 181 रहा, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है। सूचीबद्ध केंद्रों में मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम की हवा सबसे बेहतर रही, जहां AQI 125 दर्ज किया गया।

CPCB के मुताबिक, 0 से 50 तक AQI अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बेहद खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी में माना जाता है।

दिल्ली-NCR में BS-VI वाहनों को ही अनुमति देने पर विचार

दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को संकेत दिया कि राष्ट्रीय राजधानी और NCR में केवल BS-VI उत्सर्जन मानकों का पालन करने वाले वाहनों को चलाने की अनुमति देने पर विचार किया जा सकता है।

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ प्रदूषण से जुड़े मामले की सुनवाई कर रही थी। इस दौरान पीठ ने कहा कि दिल्ली में केवल BS-VI वाहन चलाने की अनुमति दी जा सकती है, और जरूरत पड़ने पर यह व्यवस्था NCR तक भी लागू हो सकती है।

कोर्ट ने जरूरी सामान की आपूर्ति के लिए एक विकल्प भी सुझाया। इसके तहत दिल्ली की सीमाओं पर गोदाम बनाए जा सकते हैं, जहां सामान उतारने के बाद छोटे बैटरी चालित या प्रदूषण न फैलाने वाले वाहनों से शहर के भीतर पहुंचाया जा सके।

2027 में प्रदूषण घटाने के लिए CAQM का लक्ष्य

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने दिल्ली-NCR में प्रदूषण कम करने के लिए 2027 की जिला स्तर की कार्ययोजना तैयार करने की पहल की है। आयोग ने सालाना औसत प्रदूषण स्तर में कम से कम 15 प्रतिशत कमी लाने का लक्ष्य रखा है। परिस्थितियों के अनुसार इसे 20 प्रतिशत तक बढ़ाया जा सकता है।

CAQM ने दिल्ली और NCR के अन्य राज्यों की सरकारों को पत्र लिखकर राज्य, जिला और नगर निगम स्तर पर विस्तृत कार्ययोजना बनाने को कहा है। इन योजनाओं में केवल प्रदूषण नियंत्रण के उपाय गिनाने के बजाय तय लक्ष्य, समयसीमा, निगरानी और जिम्मेदारी के आधार पर काम करने पर जोर दिया गया है।

प्रदूषण नियंत्रण के कामकाज की समीक्षा

CAQM ने दिल्ली और आसपास के राज्यों में प्रदूषण रोकने के उपायों के क्रियान्वयन की समीक्षा और रैंकिंग भी शुरू की है। अक्टूबर तक की प्रगति पर आधारित 2026 की रिपोर्ट में औद्योगिक जांच, कचरा प्रबंधन, सार्वजनिक परिवहन और प्रदूषण निगरानी व्यवस्था जैसे क्षेत्रों में कमियां सामने आईं।

दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में कुल 421 हरित शवदाह गृह बनाने का लक्ष्य था, लेकिन 31 अक्टूबर तक किसी भी राज्य या दिल्ली में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार इनका निर्माण नहीं हो पाया था।