Breaking News

रूस में गैस प्लांट में भीषण आग, 6 चीनी नागरिकों समेत 7 की मौत... 9 अब भी लापता     |   अमेरिका जाने वालों को बड़ा झटका, वीजा अपॉइंटमेंट पर रोक     |   दिल्ली: रेस क्लब को नहीं मिली राहत, कोर्ट ने याचिका ठुकराई, 15 दिन में करना होगा खाली     |   कर्नाटक में सियासी हलचल तेज, नागेंद्र ने CM को दिया इस्तीफे का ऑफर     |   20 बागी TMC सांसदों को लोकसभा सचिवालय का नोटिस, 7 दिन में मांगा जवाब     |  

'दिल्ली लक्ष्मी योजना PM मोदी के संकल्प को दर्शाती है, बहनों को 2500 रुपये की मदद शुरू': CM रेखा गुप्ता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ को लेकर बड़ा अपडेट दिया। उन्होंने कहा कि यह योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को दिखाती है और दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक मदद देना उनकी सरकार का वादा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 अगस्त को रजिस्ट्रेशन शुरू होने के बाद सिर्फ एक महीने में करीब 9.5 लाख महिलाओं ने योजना के लिए आवेदन किया है। बुधवार को पहली 2,500 लाभार्थी महिलाओं को वेरिफिकेशन और मंजूरी पत्र भी दिए गए। अगस्त महीने की 2500 रुपये की राशि 1 सितंबर को उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।

रेखा गुप्ता ने कहा कि योजना में रजिस्ट्रेशन की कोई अंतिम तारीख नहीं है। महिलाएं अपनी सुविधा के अनुसार कभी भी आवेदन कर सकती हैं। जिस महीने महिला आवेदन करेगी, उसे उस पूरे महीने की 2500 रुपये की सहायता राशि मिलेगी। मुख्यमंत्री ने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर किसी महिला ने 24 अगस्त को रजिस्ट्रेशन कराया है, तो उसे अगस्त महीने के पूरे 2500 रुपये मिलेंगे।

‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ की शुरुआत बुधवार को तालकटोरा स्टेडियम में की गई। इस योजना का उद्देश्य पात्र महिलाओं को आर्थिक मदद देना और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है, ताकि वे अपनी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ अपने पैसों को लेकर खुद फैसले ले सकें। इस योजना के लिए रजिस्ट्रेशन 1 अगस्त से शुरू हुआ था। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘नारी सशक्तिकरण’ के तहत योजना का रजिस्ट्रेशन पोर्टल लॉन्च किया था।

दिल्ली सरकार ने इस योजना के लिए 5,100 करोड़ रुपये का बजट रखा है। मुख्यमंत्री ने इसे दिल्ली की बड़ी योजनाओं में से एक बताया है। योजना के तहत हर महीने मिलने वाली 2500 रुपये की राशि का इस्तेमाल महिलाएं दवाइयों, बच्चों की पढ़ाई, घर के जरूरी खर्च और अन्य जरूरतों के लिए कर सकती हैं। इसके साथ ही महिलाएं इस पैसे से अपने नाम पर बचत भी कर सकेंगी। बता दें कि ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ को पहले ‘महिला समृद्धि योजना’ के नाम से जाना जाता था। दिल्ली कैबिनेट ने मार्च 2025 में इसे मंजूरी दी थी और इसके लिए 5,100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था।