Breaking News

दिल्ली एयरपोर्ट पर जबरन घुसने की कोशिश नाकाम, CISF जवानों ने एक संदिग्ध पकड़ा     |   पंजाब के लिए कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने प्रदेश चुनाव समिति के गठन को दी मंजूरी     |   अमेरिका-वेनेजुएला में सैन्य रिश्ते बहाल करने पर समझौता: अमेरिकी रक्षा मंत्री हेगसेथ     |   'सऊदी के जिजान और खमिस मुशैत शहरों पर किया हमला', हूतियों का दावा     |   भारत-न्यूजीलैंड का पहला टेस्ट मैच, टॉस जीतकर भारत ने पहले फील्डिंग चुनी     |  

दयाशंकर सिंह का अखिलेश यादव पर हमला, बोले- सपा शासन जैसी अराजकता अब यूपी में नहीं

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को प्रदेश में हो रहा विकास इसलिए नजर नहीं आता, क्योंकि अब उत्तर प्रदेश में सपा शासनकाल जैसी अराजकता और अपराधियों का दबदबा नहीं है।

दयाशंकर सिंह ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय प्रदेश में माफियाओं का बोलबाला था और कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी। उस समय पुलिस और प्रशासन भी अपराधियों के सामने बेबस नजर आते थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अब प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है।

सपा शासन में पुलिस भी सुरक्षित नहीं थी: दयाशंकर सिंह

कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर अखिलेश यादव को घेरते हुए मंत्री ने कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में पुलिस अधिकारियों तक के साथ बदसलूकी होती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में पुलिसकर्मियों को कार के बोनट पर बांधकर घसीटा जाता था और जेल में बंद कुख्यात अपराधी डीजीपी के साथ बैठकर चाय पीते थे।

दयाशंकर सिंह के मुताबिक, उस समय सरकार अपराधियों के सामने झुक जाती थी। वहीं, मौजूदा सरकार में अपराधियों के पास प्रदेश छोड़ने या जेल जाने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। उन्होंने दावा किया कि योगी सरकार ने माफिया और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।

बीमारू राज्य से रेवेन्यू सरप्लस स्टेट बना यूपी

मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि साल 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान बीमारू राज्यों में होती थी, लेकिन योगी सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की आर्थिक स्थिति में बड़ा बदलाव आया है। अब उत्तर प्रदेश रेवेन्यू सरप्लस राज्य बन चुका है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक्सप्रेसवे का विस्तार हुआ है और सड़क कनेक्टिविटी पहले से बेहतर हुई है। बुनियादी ढांचे के विकास के साथ उत्तर प्रदेश देश के तेजी से आगे बढ़ते राज्यों में शामिल हुआ है।

दुनिया में हो रही यूपी मॉडल की चर्चा

दयाशंकर सिंह ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश के विकास मॉडल की सराहना देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के स्तर पर भी हो रही है। उन्होंने कहा कि सपा के शासनकाल में विकास को प्राथमिकता नहीं दी गई, जबकि मौजूदा सरकार प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। मंत्री ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव प्रदेश में हुए बदलावों को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। इसी वजह से वह विकास के मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश करते हैं।