दिल्ली के ओखला फेज-1 इलाके में बुधवार सुबह एक कम्युनिटी हॉल के पास सिलेंडर ब्लास्ट होने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, सुबह करीब 11:55 बजे ऑक्सीजन सिलेंडर में विस्फोट की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
हादसे में घायल हुए चारों लोगों को सेंट्रलाइज्ड एक्सीडेंट एंड ट्रॉमा सर्विसेज (CATS) की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है। बता दें कि दिल्ली में सिलेंडर ब्लास्ट की यह हालिया घटना है। इससे पहले रविवार को विवेक विहार इलाके में भी LPG सिलेंडर में विस्फोट हुआ था। यह घटना CBD शाहदरा क्षेत्र में थाने के पीछे स्थित ‘झुग्गी नंबर 11’ में हुई थी। उस हादसे में 35 वर्षीय अनिल दास और उनकी 30 वर्षीय पत्नी खुशबू गंभीर रूप से झुलस गए थे।