Breaking News

एक्टर इमरान हाशमी स्वाइन फ्लू पॉजिटिव, टेस्ट में हुई पुष्टि     |   BJP मुख्यालय में चार घंटे चली बैठक खत्म, युवाओं को लेकर बनी रणनीति     |   प्रयागराज में स्वामीनारायण मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा भरभराकर गिरा, गड्ढे में धंसा     |   नेपाल में बाढ़ से 626 मौतें, लापता लोगों की तलाश जारी     |   नेपाल बाढ़ पर खड़गे की पीएम और गृहमंत्री को चिट्ठी, भारतीयों की मदद की मांग     |  

Jharkhand: पश्चिमी सिंहभूम में बिजली गिरने से CRPF अधिकारी की मौत, तीन अन्य घायल

झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बिजली गिरने से सीआरपीएफ के 46 साल के एक अधिकारी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

घटना गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे पश्चिमी सिंहभूम जिले के केरीबुरू गांव में हुई। उन्होंने बताया कि जंगल क्षेत्र में भारी बारिश हो रही थी। अधिकारियों के अनुसार 26वीं बटालियन के सेकेंड-इन-कमांड अधिकारी एम. प्रबो सिंह की बिजली गिरने से मौत हो गई, जबकि 49 साल के सहायक कमांडेंट सुबीर कुमार मंडल घायल हो गए, जिन्हें नोवामुंडी के टाटा मेन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना में झारखंड पुलिस के दो जवान भी घायल हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार बिजली गिरने के समय सभी जवान सीआरपीएफ सुरक्षा चौकी पर मौजूद थे। उन्होंने बताया कि बारिश के कारण बचाव अभियान में दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जिससे उन्हें निकालने में समय लगा। सिंह मणिपुर के पश्चिमी इंफाल जिले के रहने वाले थे, जबकि मंडल पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि ये अधिकारी नक्सल विरोधी अभियान के लिए जंगल क्षेत्र में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और झारखंड पुलिस की संयुक्त टुकड़ियों का नेतृत्व कर रहे थे।