मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले 10 वर्षों के दौरान आए बदलाव को समझने के लिए नई पीढ़ी को पुराने हालात की जानकारी देना जरूरी है। सीएम योगी ने कहा कि जेन-जी और जेन-अल्फा के ज्यादातर युवाओं ने वह दौर नहीं देखा, जब प्रदेश में दंगे, अपराध और अराजकता का माहौल होने की बात कही जाती थी।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, उस समय कई इलाकों में लंबे वक्त तक कर्फ्यू लगता था, महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठते थे और कारोबारियों से रंगदारी मांगी जाती थी। उन्होंने कहा कि 15 से 27 साल तक के युवाओं को अपने माता-पिता के संघर्ष और उस समय की परिस्थितियों के बारे में जानना चाहिए। इससे वे मौजूदा हालात में हुए बदलाव को समझ सकेंगे और आगे की जिम्मेदारी निभा पाएंगे।
‘बंटोगे तो कटोगे’ का मतलब सतर्क रहना है, ध्रुवीकरण नहीं
‘बंटोगे तो कटोगे’ और ‘एक हैं तो सेफ हैं’ जैसे नारों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इनका उद्देश्य समाज में ध्रुवीकरण करना नहीं, बल्कि लोगों को एकजुट और सतर्क रहने का संदेश देना है।
योगी ने कहा कि अतीत की गलतियों को समझकर ही वर्तमान को सुरक्षित बनाया जा सकता है। उनके मुताबिक, भविष्य बेहतर बनाने के लिए मौजूदा व्यवस्था में सुधार जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकारों की गलतियों को ठीक करने के प्रयासों से प्रदेश में बदलाव आया है। अब इस बदलाव को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी युवाओं की है।
सपा सरकार के दौर के दंगों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए जवाहर बाग, मुजफ्फरनगर और कोसीकलां की घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस समय अलीगढ़ में भी दंगे हुए और बरेली में लगातार सांप्रदायिक तनाव की घटनाएं सामने आती थीं।
सीएम योगी ने जवाहर बाग की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि वहां कार्रवाई के दौरान एसपी मुकुल द्विवेदी और थानाध्यक्ष संतोष यादव की हत्या हुई थी। इस घटना में कुल 23 लोगों की जान गई थी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश दंगा और कर्फ्यू मुक्त हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने में युवाओं को अहम भूमिका निभानी होगी। इसके लिए उन्हें यह समझना होगा कि प्रदेश और उनके परिवारों ने पहले किन चुनौतियों का सामना किया है।
अयोध्या और मथुरा राजनीति नहीं, आस्था के केंद्र: योगी
सीएम योगी ने कहा अयोध्या और मथुरा आस्था के केंद्र है। ये स्थान किसी राजनीतिक दल का चुनावी एजेंडा नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़े केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, मथुरा-वृंदावन का विकास और प्रदेश के 4,500 से ज्यादा प्राचीन मंदिरों व धार्मिक स्थलों का पुनरुद्धार सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने की दिशा में किए गए प्रयास हैं।
सीएम योगी ने सीर गोवर्धन में संत रविदास जी के कॉरिडोर, प्रतिमा और फोरलेन सड़क का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले वहां दलित समाज के लोगों को अपमानित किया जाता था और कार्यक्रमों के दौरान विवाद होते थे, जबकि अब परिस्थितियां बदल गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन दलों की नीतियों के कारण संस्थाओं के इस्लामीकरण को बढ़ावा मिला।
9.75 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा
रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब तक 9.75 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। सरकार का लक्ष्य अपने 10 साल के कार्यकाल के अंत तक यह संख्या बढ़ाकर 10.5 लाख करने का है।
उन्होंने बताया कि निवेश के माध्यम से करीब 65 लाख युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं। प्रदेश में 96 लाख एमएसएमई इकाइयां हैं, जिनमें 3.25 करोड़ से अधिक लोग काम कर रहे हैं। सीएम योगी के अनुसार, उत्तर प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या भी 120 से बढ़कर 25 हजार हो गई है। इनमें करीब 50 फीसदी स्टार्टअप महिलाओं की ओर से संचालित किए जा रहे हैं।
नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने की दिशा में बढ़ रहे युवा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश का युवा अब केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं है, बल्कि दूसरों को रोजगार देने की क्षमता भी विकसित कर रहा है। उन्होंने बताया कि कानपुर में आईआईटी के सहयोग से मेडटेक और ड्रोन टेक्नोलॉजी पर काम हो रहा है। नोएडा में रोबोटिक्स और सेमीकंडक्टर क्षेत्र को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि लखनऊ में एआई सिटी विकसित करने की योजना है।
साएम योगी ने कहा कि प्रदेश में निवेश को आकर्षित करने के लिए 36 अलग-अलग सेक्टरों की नीतियां बनाई गई हैं। उनके मुताबिक, उत्तर प्रदेश देश में सबसे ज्यादा पूंजीगत खर्च करने वाला राज्य है। पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था 12 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंची है। इसी अवधि में प्रति व्यक्ति आय भी 43 हजार रुपये से बढ़कर 1.24 लाख रुपये हो गई है।
उन्होंने जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मेट्रो परियोजनाओं, सभी 75 जिलों में बिजली की उपलब्धता, गंगा और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे तथा डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर को प्रदेश के विकास से जुड़ी प्रमुख परियोजनाएं बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की औद्योगिक पहचान में भी बदलाव आया है। उनके शब्दों में, जिस प्रदेश में पहले कट्टा और बम बनाए जाते थे, वहां अब ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है।