Breaking News

लखनऊ: कैसर बाग स्थित सिविल कोर्ट के बाहर बने अवैध चैंबर्स को नगर निगम ने किया ध्वस्त, पुलिस तैनात     |   राजस्थान के नागौर में दर्दनाक सड़क हादसा, बस और कार की भिड़ंत में 4 की मौत     |   CNG की कीमत में फिर बढ़ोतरी, आज से प्रति किलो एक रुपये महंगा     |   MP हाईकोर्ट के आदेश के बाद धार स्थित भोजशाल परिसर में हिंदू पक्ष की पूजा     |   कांगो और युगांडा में इबोला वायरस का प्रकोप, WHO ने घोषित की हेल्थ इमरजेंसी     |  

गोरखनाथ मंदिर में CM योगी ने लगाया जनता दरबार, लोगों की सुनीं समस्याएं

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित ‘जनता दर्शन’ में लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने एक-एक फरियादी से मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनीं और अधिकारियों से कहा कि सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

इससे पहले शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनगणना-2027 के तहत चल रहे डिजिटल सर्वेक्षण के प्रथम चरण में ‘सेल्फ-एन्यूमरेशन’ प्रक्रिया पूरी की। गोरखपुर दौरे के दौरान उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से स्वयं जनगणना फॉर्म भरा और प्रदेशवासियों से भी इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्होंने लिखा: “श्री गोरखनाथ मंदिर, गोरखपुर में जनगणना-2027 के अंतर्गत डिजिटल ‘स्व-गणना’ प्रक्रिया पूर्ण कर इस राष्ट्रीय अभियान में सहभागी होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। यह जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं, बल्कि समग्र, समावेशी और योजनाबद्ध विकास की मजबूत आधारशिला है। प्रदेश के सभी नागरिकों से अपील है कि डिजिटल स्व-गणना के माध्यम से इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय भागीदारी करें।”

गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी ने गोरखपुर में बनने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह स्टेडियम 46 एकड़ क्षेत्र में बनाया जाएगा और इसमें 30,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। इसके साथ पर्याप्त पार्किंग सुविधा भी उपलब्ध होगी। इसके अतिरिक्त, स्टेडियम के समीप 60 एकड़ भूमि पर इनडोर खेलों के लिए आधुनिक खेल परिसर विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा:“BCCI के सहयोग से वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बन रहा है। वहीं, आज गोरखपुर में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सहयोग से उत्तर प्रदेश सरकार ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की आधारशिला रखी है। यह स्टेडियम युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को नई दिशा देगा।” उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार अतिक्रमण मुक्त भूमि उपलब्ध कराकर प्रदेश के युवाओं के लिए विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं विकसित कर रही है।