Breaking News

बारामूला के पट्टन में मस्जिद में भीषण आग, पूरी इमारत जलकर राख     |   बिरसा मुंडा जयंती पर PM मोदी ने किया नमन, जनजातीय गौरव दिवस की दी शुभकामनाएं     |   दिल्ली में एयर प्यूरीफायर की मांग 5 गुना बढ़ी, GST कटौती के लिए CTI ने वित्त मंत्री को लिखी चिट्ठी     |   अमेरिका में सस्ता हुआ डीजल, दो महीने बाद 6 डॉलर प्रति गैलन से नीचे आई कीमत     |   हमास को बड़ा झटका, इजरायली हमले में सैन्य कमांडर समीर अबू यूनिस ढेर     |  

सीएम योगी ने 50 हजार छात्रों को बांटे टैबलेट, Infosys के सहयोग से मिलेंगे 18 हजार से अधिक फ्री ऑनलाइन कोर्स

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए। इस दौरान उन्होंने योजना के दूसरे चरण की शुरुआत करते हुए कहा कि आज के दौर में तकनीक युवाओं को आगे बढ़ाने का सबसे बड़ा माध्यम है। सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश का हर युवा डिजिटल संसाधनों से जुड़कर शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर हासिल कर सके।

लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई। युवाओं को उनके विचारों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि टैबलेट विद्यार्थियों के लिए केवल एक उपकरण नहीं, बल्कि कौशल विकास और आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

Infosys के सहयोग से मिलेंगे 18 हजार से अधिक ऑनलाइन कोर्स

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रदेश सरकार ने Infosys के साथ साझेदारी की है। इसके तहत विद्यार्थियों को टैबलेट पर 18 हजार से अधिक कोर्स की मुफ्त डिजिटल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें योग से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डीप टेक जैसी आधुनिक तकनीकों से जुड़े विषय शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गणित के कठिन विषयों, जैसे कैलकुलस और इंटीग्रेशन को समझने में भी इन डिजिटल संसाधनों से मदद मिलेगी। इससे छात्र अपनी जरूरत के अनुसार कभी भी पढ़ाई कर सकेंगे और नए कौशल सीख सकेंगे।

'युवा साथी' ऐप पर मिलेंगी केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाएं

सीएम योगी ने टैबलेट में उपलब्ध 'युवा साथी' ऐप की जानकारी देते हुए कहा कि इसके माध्यम से विद्यार्थियों को युवाओं के लिए शुरू की गई केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की जानकारी मिलेगी।

इस ऐप पर मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, पीएम इंटर्नशिप योजना, सीएम इंटर्नशिप योजना, सीएम युवा पहल और पीएम मुद्रा योजना सहित कई योजनाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा छात्रवृत्ति और रोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मिल सकेगी।

ब्राह्मोस मिसाइल भारत के वैज्ञानिकों की ताकत का प्रतीक

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भारत की रक्षा क्षमताओं और तकनीकी उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने ब्राह्मोस मिसाइल की तारीफ करते हुए इसे देश के वैज्ञानिकों की ताकत का उदाहरण बताया। सीएम ने कहा कि मजबूत सुरक्षा व्यवस्था के कारण उत्तर प्रदेश में निवेश का माहौल बेहतर हुआ है और उद्यमी प्रदेश में निवेश करने के लिए आगे आ रहे हैं।

यूपी में 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव: सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों के समय उद्यमी उत्तर प्रदेश में निवेश करने से बचते थे और निवेशक सम्मेलन तक दिल्ली में आयोजित करना पड़ता था। लेकिन अब प्रदेश में आयोजित निवेशक सम्मेलनों के माध्यम से 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश की औद्योगिक इकाइयों में 65 लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, पारंपरिक उद्योगों सहित 96 लाख एमएसएमई इकाइयां फिर से संचालित हो रही हैं, जिनके माध्यम से 3 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर मिले हैं।

25 दिसंबर 2021 को शुरू हुई थी योजना

मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना की शुरुआत 25 दिसंबर 2021 को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर की गई थी। इस योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ना और उन्हें पढ़ाई, कौशल विकास तथा भविष्य में रोजगार पाने के लिए आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराना है।