Breaking News

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी की माता जी का निधन, उत्तराखंड के पौड़ी जिले के पंचूर गांव में ली अंतिम सांस     |   अमेरिकी सिस्टम पर साइबर हमले में विदेशी हाथ का सबूत नहीं, FBI ने साफ की स्थिति     |   खाटूश्यामजी: भोजनालय में लगी भीषण आग, मंदिर के निकास मार्ग पर मची अफरा-तफरी     |   कावेरी जल विवाद में तमिलनाडु को सुप्रीम कोर्ट से झटका, 11 TMC अतिरिक्त पानी की मांग खारिज     |   नेपाल के PM बालेन्द्र शाह 22 नवंबर से भारत दौरे पर, PM मोदी के साथ करेंगे द्विपक्षीय वार्ता     |  

सीएम योगी ने 50 हजार युवाओं को बांटे टैबलेट, नशे के कारोबारियों पर कार्रवाई को लेकर दी सख्त चेतावनी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के दूसरे चरण के तहत आयोजित कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए। इस कार्यक्रम में गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के युवा शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने 23 विद्यार्थियों को मंच से अपने हाथों से टैबलेट दिए और योजना पर तैयार की गई एक लघु फिल्म भी देखी।

देवोत्थान एकादशी के मौके पर युवाओं को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़े अभियान के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में माफिया और संगठित अपराध के नेटवर्क को खत्म करने के बाद अब नशे के कारोबार में शामिल लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि उनके भविष्य और करियर से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कार्यक्रम के बाद उन्होंने टैबलेट प्राप्त करने वाले युवाओं के साथ सेल्फी भी ली।

सपा के जुलूस में छात्र की मौत पर जताई नाराजगी
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में दो दिन पहले समाजवादी पार्टी के जुलूस के दौरान दसवीं के एक छात्र की मौत के मामले पर भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस घटना को उत्तर प्रदेश की छवि पर धब्बा बताते हुए कहा कि छात्र अपनी छोटी बहन को स्कूल से लेने जा रहा था। वह चौरी-चौरा आंदोलन के क्रांतिकारी पूजन सिंह का प्रपौत्र था। सीएम ने कहा कि चुनाव के दौरान माहौल बिगाड़ने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।

26 जनवरी तक हजारों युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र
रोजगार के मुद्दे पर विपक्ष को जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश के करीब 9.75 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। हाल के दिनों में कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस, खेल, राजस्व और पंचायती राज समेत विभिन्न विभागों में 16 हजार से अधिक नियुक्तियां की गई हैं।

उन्होंने बताया कि 8 हजार लेखपालों, 32 हजार पुलिसकर्मियों और 42 हजार से ज्यादा होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। सरकार का लक्ष्य है कि 26 जनवरी तक हर पांच से सात दिन के अंतराल पर नियुक्ति पत्र बांटे जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले भर्ती परीक्षाओं में नकल माफिया और सैफई सिंडिकेट का प्रभाव था, लेकिन अब पारदर्शी व्यवस्था के तहत प्रतिभा के आधार पर चयन हो रहा है। पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी रोकने के लिए आजीवन कारावास, एक करोड़ रुपये तक जुर्माना और संपत्ति जब्त करने जैसे कड़े प्रावधान किए गए हैं।

युवाओं के लिए चलता-फिरता विश्वविद्यालय है टैबलेट
मुख्यमंत्री ने टैबलेट के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि इसका इस्तेमाल केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए। यह युवाओं के लिए एक चलता-फिरता विश्वविद्यालय साबित हो सकता है। उन्होंने बताया कि योजना के पहले चरण में 60 लाख युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन दिए गए थे। आईआईएम लखनऊ के अध्ययन के मुताबिक, इसका सकारात्मक प्रभाव करीब तीन करोड़ लोगों तक पहुंचा। दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है।

इन डिवाइस में इंफोसिस के 18 हजार से अधिक निशुल्क ऑनलाइन कोर्स और युवा साथी ऐप की सुविधा उपलब्ध है। सीएम ने युवाओं को सोशल मीडिया पर वायरल सामग्री की सत्यता जांचने और डिजिटल सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि रील देखने में समय गंवाने के बजाय प्रतिदिन तीन घंटे कौशल विकास और पढ़ाई को देना चाहिए। साथ ही टैबलेट के माध्यम से जनगणना 2027 की स्वगणना और मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के लिए फॉर्म-6, 7 और 8 भरने की अपील की।

प्रत्येक जिले में बनेगा सरदार पटेल स्किलिंग जोन
सीएम योगी ने युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रदेश के हर जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एंप्लॉयमेंट जोन स्थापित करने की घोषणा की। यहां युवाओं को जापानी और जर्मन जैसी विदेशी भाषाओं के साथ आधुनिक कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि उन्हें देश और विदेश की कंपनियों में रोजगार मिल सके।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार तक पहुंच गई है। स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने के लिए एक हजार करोड़ रुपये का फंड ऑफ फंड्स भी बनाया गया है। ओडीओपी, ओडीओसी और मुख्यमंत्री युवा योजना के जरिए दो लाख युवाओं को पांच लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा 67 लाख विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और कॉलेज स्तर तक अभ्युदय कोचिंग की सुविधा दी जा रही है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था का आकार पिछले वर्षों में तीन गुना बढ़कर 12 लाख करोड़ रुपये से 36 लाख करोड़ रुपये हो गया है। करीब 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों से 65 लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार हुए हैं। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) क्षेत्र में भी लगभग 20 हजार करोड़ रुपये का निवेश आया है। उन्होंने प्रदेश में एक्सप्रेसवे नेटवर्क के विस्तार, 17 एयरपोर्ट, गोरखपुर एम्स और पांच विश्वविद्यालयों का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्वांचल अब इंसेफेलाइटिस की समस्या से मुक्त हो चुका है।

‘नो कर्फ्यू, नो दंगा’, बेटियों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान अब उपद्रव के बजाय उत्सव और विकास से हो रही है। देवोत्थान एकादशी पर अयोध्या की पंचकोसी परिक्रमा में 50 से 55 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का भी उन्होंने जिक्र किया।

उन्होंने लखनऊ में एचसीएल टेक के विस्तार का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां कर्मचारियों की संख्या 100 से बढ़कर 18 हजार हो गई है। सीएम ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहतर होने से बेटियां रात दो बजे भी सुरक्षित घर लौट सकती हैं। महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ सरकार कठोर कार्रवाई करती है। उन्होंने युवाओं से 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

23 विद्यार्थियों को मंच से सौंपे टैबलेट
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 23 विद्यार्थियों को अपने हाथों से टैबलेट प्रदान किए। इनमें आकाश तिवारी, अनिकेत दुबे, पलक कुमारी, राशि सिंह, नाजिया परवीन, एकता कुमारी, अरीबा खान, अर्चिता द्विवेदी, सौम्या सिंह, दिव्यांजलि पाठक, गणेश पांडे, शुभम यादव, अभिनव सिंह, आशीष यादव, जया राव, अभिषेक शर्मा, अनुराधा पटेल, आकांक्षा पांडे, अहमद रजा, अनामिका सिंह, सोनिया प्रजापति, नितेश चौहान और सुंदरी कुमारी शामिल रहीं।

केंद्रीय मंत्री और जनप्रतिनिधियों ने भी रखे विचार
केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने युवाओं से टैबलेट का इस्तेमाल पढ़ाई, कौशल विकास और मतदाता पंजीकरण जैसे जरूरी कार्यों के लिए करने की अपील की। उन्होंने मनोरंजन से अधिक शिक्षा को प्राथमिकता देने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

वहीं, मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्रधानमंत्री के डिजिटल इंडिया और मुख्यमंत्री के डिजिटल यूपी अभियान से प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। सांसद रवि किशन शुक्ला ने पूर्वांचल में हो रहे बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र अब पलायन के बजाय शिक्षा, नवाचार और रोजगार के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है। कार्यक्रम में मंत्री संजय निषाद, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, सांसद रवि किशन, विभिन्न विधायक, एमएलसी, अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, आईआईडीसी आलोक कुमार और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।