Breaking News

अमूल के बाद मदर डेयरी ने भी दूध के दाम बढ़ाए, कल से दो रुपये प्रति लीटर महंगा     |   रूस के विदेश मंत्री सर्गेइ लावरोव नई दिल्ली पहुंचे, कल ब्रिक्स समिट में लेंगे हिस्सा     |   केरल CM के नाम का कल होगा ऐलान: जयराम रमेश     |   अमूल ने दूध के दाम दो रुपये प्रति लीटर बढ़ाए     |   बागियों पर AIADMK का बड़ा एक्शन, 29 नेताओं को पद से हटाया     |  

CM भूपेंद्र पटेल ने श्री श्री रविशंकर विद्या मंदिर के नए परिसर का किया भूमिपूजन

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शुक्रवार को अहमदाबाद के गोधावी में आर्ट ऑफ लिविंग संगठन द्वारा विकसित किए जा रहे ‘श्री श्री रविशंकर विद्या मंदिर’ के नए शैक्षणिक परिसर का पारंपरिक विधि-विधान के साथ भूमिपूजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शिक्षा राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरी है। उन्होंने कहा कि जब शिक्षा को संस्कार, अध्यात्म और आधुनिकता के साथ जोड़ा जाता है, तभी जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण होता है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि जैसे-जैसे साणंद क्षेत्र वैश्विक सेमीकंडक्टर हब के रूप में विकसित हो रहा है, वैसे-वैसे श्री श्री रविशंकर विद्या मंदिर जैसे संस्थान नवाचार आधारित कौशल और मूल्यपरक शिक्षा के माध्यम से युवाओं को तकनीकी क्षेत्र में उभरते अवसरों के लिए तैयार करेंगे। राज्य में शिक्षा के समग्र विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने ‘ज्ञान शक्ति’ के माध्यम से विकसित गुजरात की मजबूत नींव रखी है। उन्होंने बताया कि शिक्षा क्षेत्र के लिए 63 हजार करोड़ रुपये का बड़ा बजट आवंटित किया गया है। मुख्यमंत्री ने ‘नमो लक्ष्मी’ और ‘नमो सरस्वती विज्ञान साधना’ जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह नया शैक्षणिक परिसर सरकार की दूरदर्शी शिक्षा पहलों को और मजबूती देगा।

कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत ‘इंट्यूशन प्रोसेस’ की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया के इस दौर में योग और ज्ञान के माध्यम से बच्चों में चेतना जागृत करने का संस्थान का प्रयास बेहद सराहनीय है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह शैक्षणिक परिसर भविष्य की पीढ़ी को दिशा देने और ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर साणंद के विधायक कानुभाई पटेल ने संस्थान को बधाई देते हुए कहा कि यह शैक्षणिक परिसर क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अकादमिक शिक्षा के साथ-साथ संस्थान द्वारा दिया जाने वाला आध्यात्मिक प्रशिक्षण बच्चों में एकाग्रता और मजबूत संस्कार विकसित करता है, जिससे उनके सर्वांगीण विकास और जीवन में सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है।

इस परिसर में विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें स्पोर्ट्स अकादमी, संगीत, नृत्य और थिएटर के लिए परफॉर्मिंग एवं क्रिएटिव आर्ट्स अकादमी, वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए टेक्नोलॉजी एवं इनोवेशन अकादमी तथा नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए बिजनेस अकादमी शामिल होंगी।

इस परियोजना के माध्यम से संस्थान का उद्देश्य परंपरा और आधुनिकता का समन्वय करते हुए ऐसा आधुनिक शैक्षणिक वातावरण तैयार करना है, जहां छात्र अकादमिक शिक्षा, जीवन कौशल और मजबूत मूल्यों में उत्कृष्टता प्राप्त कर सकें। इस अवसर पर रोहित चोकसी, शैलेश दावड़ा, श्री श्री रविशंकर विद्या मंदिर के ट्रस्टी मेहुल पारिख, निलेश देसाई, उल्लास शाह, ध्रुव शाह, शंकर पटेल, चेतन गुंडेला, शिक्षकों सहित श्रीमती हीमा पारिख, श्रीमती पारुल मोदी और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।