Breaking News

अगर आज लोकसभा चुनाव हुए तो इंडिया ब्लॉक को 185 सीटें संभव: MOTN सर्वे     |   WB: TMC का पुलिस पर अभिषेक बनर्जी-डेरेक ओ'ब्रायन के साथ मारपीट का आरोप     |   47% लोगों ने कहा कि परिसीमन से जोड़े बिना महिला आरक्षण लागू हो: MOTN सर्वे     |   47% ने कहा राम मंदिर चढ़ावा चोरी का केंद्र-राज्य सरकारों पर नकारात्मक असर: MOTN     |   MOTN सर्वे में 70 फीसदी लोगों ने 'एक देश, एक चुनाव' का समर्थन किया     |  

NEET छात्रा की मौत के मामले में CBI ने महिला दारोगा से की 3 घंटे पूछताछ

नीट छात्रा मौत मामले की जांच मिलने के बाद से केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) अति सक्रियता से घटना के एक-एक पहलुओं को जोड़ने में जुटी है।रविवार को सीबीआई की एक टीम मृतका के जहानाबाद स्थित घर गई थी और उसके स्वजनों से जानकारी ली थी। इसी कड़ी में आज आगे बढ़ते हुए सीबीआई ने चित्रगुप्त नगर थाना की सब-इंस्पेक्टर रीना कुमारी को सीबीआई कार्यालय तलब कर लंबी पूछताछ की।

सीबीआई लगातार यह जानने के प्रयास कर रही है कि घटना के बाद की गई प्रारंभिक जांच में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई। जांच एजेंसी इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और केस डायरी तैयार करने की प्रक्रिया में सभी मानकों का पालन हुआ या नहीं।

पूछताछ के दौरान एसआई से घटनास्थल पर पहुंचने के समय, सबूतों के संग्रहण, गवाहों के बयान और केस की टाइमलाइन को लेकर विस्तृत जानकारी ली गई। सीबीआई यह जानने के प्रयास भी कर रही है कि इस मामले में केस को बदलने के प्रयास तो नहीं किए गए हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर सीबीआई ने इस संबंध में कोई बयान जारी नहीं किया है।

जांच का दायरा अब एक अधिकारी तक सीमित नहीं है। कदमकुआं और चित्रगुप्त नगर थाने के कुछ अन्य पुलिसकर्मी भी जांच एजेंसी के रडार पर हैं। आने वाले दिनों में उन्हें भी पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है। सीबीआई यह स्पष्ट करना चाहती है कि केस की शुरुआती कड़ियों में कहीं कोई लापरवाही या जानबूझकर की गई ढिलाई तो नहीं बरती गई। नीट छात्रा की मौत का मामला शुरू से ही संवेदनशील और विवादास्पद रहा है। अब जांच एजेंसी उन संभावित कड़ियों को भी जोड़ने में जुटी है, जिनसे यह मामला किसी बड़े नेटवर्क या संगठित गिरोह से जुड़ सकता है। एसआई रीना कुमारी से की गई लंबी पूछताछ को जांच की दिशा बदलने वाले अहम कदम के तौर पर देखा जा रहा है।