उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या को 'सनातन तीर्थ की वैश्विक राजधानी' बनाने के वादे पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के सपने कभी पूरे नहीं होने वाले हैं। सपा सरकार के कार्यकाल में माफिया और गुंडों को संरक्षण दिया गया और प्रदेश को दंगों की आग में झोंकने का काम किया गया।
मंगलवार को ब्रजेश पाठक ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में उत्तर प्रदेश में अपराधियों और माफिया का बोलबाला था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में माफिया के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की है।
'जो अयोध्या और भगवान राम के नाम से चिढ़ते थे, आज राम-राम जप रहे'
ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग पहले अयोध्या धाम और भगवान राम के नाम से परहेज करते थे, वे आज राम-राम का जाप कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासन में 'एक जिला, एक माफिया' जैसी स्थिति थी और गुंडों को संरक्षण मिलता था। उनके मुताबिक, उस दौर में महिलाओं की सुरक्षा भी खतरे में थी और प्रदेश को दंगों की आग में धकेला गया था। डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार ने माफिया के खिलाफ कार्रवाई की है और समाजवादी पार्टी के राजनीतिक सपने कभी हकीकत में नहीं बदलेंगे।
अखिलेश यादव ने अयोध्या को वैश्विक सनातन तीर्थ राजधानी बनाने का किया वादा
दरअसल, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर अयोध्या के विकास और धार्मिक पर्यटन को लेकर अपनी पार्टी का विजन सामने रखा था। उन्होंने कहा था कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों की संख्या में लगातार गिरावट आ रही है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि राम मंदिर से जुड़े कथित भ्रष्टाचार और चोरी के विवाद से पैदा हुई परेशानी का असर स्थानीय अर्थव्यवस्था पर पड़ा है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अयोध्या के सम्मान और गरिमा को बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी की सरकार बनने पर मंदिर प्रबंधन के लिए पारदर्शी व्यवस्था लागू की जाएगी, जिससे लोगों का भरोसा बहाल हो सके। साथ ही विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे का विकास कर अयोध्या को 'सनातन तीर्थ की वैश्विक राजधानी' बनाया जाएगा। अखिलेश यादव ने दिसंबर में अयोध्या जाने का प्रस्ताव भी रखा है।
SIR पर भी बोले ब्रजेश पाठक
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस कथित बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम गायब होने की बात कही गई थी।
इस पर ब्रजेश पाठक ने कहा कि SIR पूरी तरह भारत निर्वाचन आयोग का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर तक पहुंचकर मतदाताओं के नाम जोड़ना निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है। यदि इस प्रक्रिया में कहीं भी लापरवाही होती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
2027 चुनाव से पहले यूपी में तेज हुई सियासी जंग
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं। राज्य की 403 विधानसभा सीटों पर मुख्य मुकाबला भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच होने की संभावना है। वहीं कांग्रेस भी प्रदेश में अपना राजनीतिक आधार बढ़ाने की कोशिश कर रही है।
ऐसे में अयोध्या, राम मंदिर, सनातन और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दे आने वाले चुनाव में राजनीतिक बहस के केंद्र में रह सकते हैं। अखिलेश यादव के अयोध्या विजन पर ब्रजेश पाठक का यह हमला इसी चुनावी माहौल के बीच आया है।