Breaking News

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी की माता जी का निधन, उत्तराखंड के पौड़ी जिले के पंचूर गांव में ली अंतिम सांस     |   अमेरिकी सिस्टम पर साइबर हमले में विदेशी हाथ का सबूत नहीं, FBI ने साफ की स्थिति     |   खाटूश्यामजी: भोजनालय में लगी भीषण आग, मंदिर के निकास मार्ग पर मची अफरा-तफरी     |   कावेरी जल विवाद में तमिलनाडु को सुप्रीम कोर्ट से झटका, 11 TMC अतिरिक्त पानी की मांग खारिज     |   नेपाल के PM बालेन्द्र शाह 22 नवंबर से भारत दौरे पर, PM मोदी के साथ करेंगे द्विपक्षीय वार्ता     |  

जनता दर्शन में CM योगी ने सुनीं करीब 150 लोगों की फरियाद, इलाज के लिए आर्थिक मदद का दिया भरोसा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन का आयोजन कर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 150 लोगों से मुलाकात की और उनकी शिकायतों एवं मांगों पर संज्ञान लिया। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों को उन्होंने भरोसा दिलाया कि धन की कमी के कारण किसी का उपचार नहीं रुकेगा। सरकार जरूरतमंदों को इलाज के लिए हरसंभव मदद उपलब्ध कराएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी पात्र जरूरतमंदों के आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएंगे, ताकि उन्हें स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। यदि आयुष्मान योजना के तहत मिलने वाली सहायता पर्याप्त नहीं होती है तो मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक मदद दी जाएगी।

शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां मुख्यमंत्री खुद लोगों के पास पहुंचे और उनकी परेशानियां सुनीं। उन्होंने फरियादियों से मिले प्रार्थना पत्रों को अपने हाथों से लेकर पढ़ा और संबंधित मामलों का संज्ञान लिया।

इस दौरान सीएम योगी ने लोगों को आश्वस्त किया कि उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है, सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है। उन्होंने अलग-अलग शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में निष्पक्षता और पारदर्शिता बरती जाए, ताकि फरियादी कार्रवाई से संतुष्ट हों। जमीन पर अवैध कब्जे से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने ऐसे मामलों में कानून के मुताबिक कड़ी कार्रवाई करने को कहा।

गोशाला में गोसेवा कर गोवंश को खिलाई रोटी और गुड़
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुबह की दिनचर्या गोरखनाथ मंदिर की परंपराओं के अनुसार रही। उन्होंने सबसे पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद अपने ब्रह्मलीन गुरु महंत अवेद्यनाथ को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मुख्यमंत्री मंदिर परिसर स्थित गोशाला पहुंचे और गोवंश की सेवा की। उन्होंने अपने हाथों से गायों और बछड़ों को रोटी तथा गुड़ खिलाया। इस दौरान भोलू नाम के बछड़े और छुटकी नाम की बछिया को आवाज देकर अपने पास बुलाया और उन्हें दुलार किया।

गोशाला में मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर गोवंश भी उनके करीब आने के लिए उत्सुक नजर आए। इस दौरान सीएम योगी ने उन्हें स्नेहपूर्वक समझाते हुए कहा, ‘अपनी जगह पर ही रहो, नहीं तो चोट लग जाएगी।’ मुख्यमंत्री का गोवंश के प्रति यह स्नेहपूर्ण अंदाज भी देखने को मिला।