Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

E20 पेट्रोल पर अरविंद केजरीवाल ने PM मोदी को लिखा पत्र, पुराने वाहनों के लिए मांगी राहत

आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने E20 पेट्रोल को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने केंद्र सरकार से उन वाहनों के लिए E20 पेट्रोल लागू करने के फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की है, जिन्हें इस ईंधन के लिए डिजाइन नहीं किया गया था।

केजरीवाल ने पत्र में दावा किया कि 2023 से पहले बने कई दोपहिया और चारपहिया वाहनों में E20 पेट्रोल इस्तेमाल करने से माइलेज कम हो रहा है, इंजन जल्दी खराब हो रहा है और वाहन मालिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि पेट्रोल पंपों पर लोगों को सामान्य पेट्रोल और E20 पेट्रोल में से अपनी पसंद का ईंधन चुनने का विकल्प दिया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि E20 पेट्रोल की कीमत भी कम की जानी चाहिए, क्योंकि इसकी कैलोरिफिक वैल्यू कम होने के कारण वाहनों का माइलेज घट जाता है।

मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने कहा, "मैंने प्रधानमंत्री मोदी से अपील की है कि E20 पेट्रोल की कीमत कम की जाए। इसका माइलेज कम मिलता है, इसलिए इसकी कीमत भी कम होनी चाहिए। मैंने उनसे मिलने का समय भी मांगा है।" उन्होंने लोगों से भी अपील की कि यदि उन्हें E20 पेट्रोल के कारण किसी तरह की परेशानी हो रही है, तो वे सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर अपनी आवाज उठाएं।

इससे पहले शनिवार को केजरीवाल ने दिल्ली के एक पेट्रोल पंप और सर्विस सेंटर का दौरा किया था। उन्होंने वहां वाहन मालिकों से E20 पेट्रोल के इस्तेमाल के अनुभव के बारे में बातचीत की। केजरीवाल का दावा है कि अधिकांश लोगों ने बताया कि E20 पेट्रोल के इस्तेमाल के बाद उनके वाहनों का माइलेज कम हुआ है और कई लोगों को इंजन से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ा है।