Breaking News

चोट के चलते नीरज चोपड़ा एशियन गेम्स से बाहर, नहीं खेलेंगे पूरा सीजन     |   ममता बनर्जी के खिलाफ FIR, TMC छात्र परिषद की रैली में HC आदेश के उल्लंघन का आरोप     |   एक्टर इमरान हाशमी स्वाइन फ्लू पॉजिटिव, टेस्ट में हुई पुष्टि     |   BJP मुख्यालय में चार घंटे चली बैठक खत्म, युवाओं को लेकर बनी रणनीति     |   प्रयागराज में स्वामीनारायण मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा भरभराकर गिरा, गड्ढे में धंसा     |  

J-K: सेना प्रमुख ने बारामूला में अग्रिम इलाकों का दौरा किया, ऑपरेशन सिंदूर में सैनिकों की भूमिका को सराहा

सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने गुरुवार को जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले में अग्रिम इलाकों का दौरा किया और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान नियंत्रण रेखा पर अपना दबदबा बनाए रखने के लिए सैनिकों की सराहना की। उन्होंने सैनिकों से कहा कि वे किसी भी चुनौती का निर्णायक ताकत के साथ जवाब देने के लिए हमेशा तैयार रहें। सेना ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सेना प्रमुख (सीओएएस) ने चिनार कोर की डैगर डिवीजन का दौरा किया। 

अतिरिक्त लोक सूचना महानिदेशालय ने पोस्ट में कहा, ‘‘सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने चिनार कोर के डैगर डिवीजन के अग्रिम इलाकों का दौरा किया और सभी अधिकारियों के साथ बातचीत की। सैनिकों को संबोधित करते हुए उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान नियंत्रण रेखा पर अपना दबदबा बनाए रखने के लिए उनके साहस, जोश और सतर्क कार्रवाई की सराहना की।’’ पोस्ट के अनुसार, सेना प्रमुख ने पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू कश्मीर में आतंकी शिविरों को नष्ट करने में सैनिकों की भूमिका की सराहना की। 

सेना ने कहा, ‘‘सेना प्रमुख ने पाकिस्तान द्वारा नियंत्रण रेखा के पार की गई कायरतापूर्ण गोलेबारी से पीड़ित नागरिकों को सहायता प्रदान करने में डैगर डिवीजन द्वारा निभाई गई भूमिका की सराहना की। उन्होंने सैनिकों को किसी भी चुनौती का निर्णायक ताकत के साथ जवाब देने के लिए हमेशा तैयार रहने की जरूरत पर बल दिया।’’