Breaking News

TMC के 20 बागी सांसदों को सुप्रीम कोर्ट का नोटिस, अयोग्यता मामले में देरी पर मांगा जवाब     |   तरुण तेजपाल को सुप्रीम कोर्ट से झटका, 2 हफ्ते में करना होगा सरेंडर     |   प्याज और चीनी की बढ़ती कीमतों पर दिल्ली CM रेखा गुप्ता ने बुलाई बैठक     |   दिल्ली में अब तक H1N1 के कुल 2308 मामले सामने आए     |   J-K: पुलवामा में सुरक्षाबलों का ऑपरेशन, दो संदिग्ध गिरफ्तार     |  

अमित शाह बोले- सुरक्षा बलों के शौर्य से मार्च 2026 की समय सीमा से पहले नक्सलमुक्त हुआ भारत

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में कहा कि सुरक्षा बलों के साहस, पराक्रम और बलिदान के कारण भारत 31 मार्च 2026 की निर्धारित समय सीमा से पहले ही नक्सलवाद से मुक्त हो गया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि अब बस्तर के लोग भयमुक्त वातावरण में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि बंदूक के साए में जीने की स्थिति समाप्त हो चुकी है और बस्तर अब खुलकर सांस ले रहा है।

अमित शाह ने कहा, “24 अगस्त 2024 को हमने घोषणा की थी कि 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलवाद से मुक्त कर दिया जाएगा। सुरक्षा बलों के शौर्य और बलिदान से यह लक्ष्य तय समय से पहले हासिल कर लिया गया।” उन्होंने बस्तर के विकास के लिए शुरू की गई शहीद वीर गुंडाधुर सेवा डेरा पहल की भी सराहना की। इस योजना के तहत पहले चरण में सुरक्षा बलों के 200 शिविरों में से 70 शिविरों को जन सुविधा केंद्रों में बदला जाएगा, जहां केंद्र और राज्य सरकार की 371 योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध होगा।

गृह मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार ने नक्सलमुक्त भारत अभियान में केंद्र सरकार का अपेक्षित सहयोग नहीं किया। उन्होंने कहा कि 13 दिसंबर 2023 को विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने के बाद नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को नई गति मिली।

अमित शाह ने यह भी कहा कि कुछ लोग दावा करते थे कि विकास की कमी के कारण नक्सलवाद फैला, जबकि वास्तविकता यह है कि नक्सलवाद के कारण ही इन क्षेत्रों में विकास नहीं पहुंच पाया। सोमवार को अमित शाह ने बस्तर में शहीद वीर गुंडाधुर सेवा डेरा जन सुविधा केंद्र का उद्घाटन किया था। इस केंद्र के माध्यम से आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा।