बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। उन्हें TIME मैगजीन की पहली TIME100 Next India लिस्ट की कवर स्टार बनाया गया है। मैगजीन ने भारतीय सिनेमा में उनके योगदान, अलग-अलग तरह के किरदार निभाने और फिल्म इंडस्ट्री में महिलाओं के लिए बेहतर कामकाजी माहौल की वकालत करने को लेकर उनकी सराहना की है।
TIME ने सोशल मीडिया पर आलिया की तस्वीर साझा करते हुए उन्हें 'बॉलीवुड आइकन' बताया। मैगजीन ने उनके सफर का जिक्र किया कि किस तरह उन्होंने एक नई कलाकार के तौर पर शुरुआत की और धीरे-धीरे चुनौतीपूर्ण किरदारों के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई।
आलिया ने साल 2012 में करण जौहर की फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' से बतौर लीड एक्ट्रेस बॉलीवुड में कदम रखा था। हालांकि, साल 2014 में आई इम्तियाज अली की फिल्म 'हाईवे' उनके करियर का अहम मोड़ साबित हुई। इस फिल्म में उन्होंने वीरा त्रिपाठी का किरदार निभाया था, जो अपहरण के बाद खुद को समझने और अपनी जिंदगी को नए नजरिए से देखने का सफर शुरू करती है। उनके अभिनय ने दर्शकों की सोच बदली और उनकी अभिनय क्षमता को नई पहचान मिली।
अलग-अलग किरदारों से बनाई पहचान
TIME मैगजीन ने आलिया के करियर को बॉलीवुड में आए बदलावों से भी जोड़ा। इस दौर में फिल्म इंडस्ट्री पारंपरिक स्टार सिस्टम से आगे बढ़कर ऐसे माहौल में पहुंच रही थी, जहां कलाकारों से लगातार बेहतर प्रदर्शन और अलग पहचान बनाने की उम्मीद की जा रही थी।
'हाईवे' के बाद आलिया ने कई चुनौतीपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। फिल्म 'उड़ता पंजाब' में उन्होंने पंजाब में नशे के कारोबार के बीच फंसी एक बिहारी प्रवासी मजदूर की भूमिका निभाई। इस फिल्म में उनके अभिनय के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला।
इसके बाद उन्होंने '2 स्टेट्स' जैसी व्यावसायिक फिल्मों के साथ 'राजी', 'डियर जिंदगी' और 'गली बॉय' जैसी फिल्मों में भी काम किया। इन फिल्मों के जरिए उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर अपनी अभिनय क्षमता साबित की।
फिल्म सेट पर महिलाओं के अधिकारों की भी उठाती हैं आवाज
आलिया भट्ट सिर्फ फिल्मों में अपने काम के लिए ही नहीं, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री में महिलाओं के लिए बेहतर कामकाजी माहौल की मांग को लेकर भी चर्चा में रही हैं। उन्होंने खासतौर पर फिल्म सेट पर महिलाओं को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं देने की जरूरत पर आवाज उठाई है।
हाल ही में आलिया मुंबई में आयोजित अर्थशॉट प्राइज 2026 के ग्रीन कार्पेट पर भी नजर आई थीं। इस दौरान उन्होंने डिजाइनर रितु कुमार का तैयार किया हुआ काले और एंटीक गोल्ड रंग का खास आउटफिट पहना था।
'तुम्बाड 2' और 'लव एंड वॉर' में आएंगी नजर
फिल्मों की बात करें तो आलिया जल्द ही 'तुम्बाड 2' में अहम भूमिका निभाती नजर आएंगी। इस फिल्म में उनके साथ सोहम शाह भी दिखाई देंगे। इसके अलावा वह संजय लीला भंसाली की फिल्म 'लव एंड वॉर' का भी हिस्सा हैं। इस फिल्म में रणबीर कपूर और विक्की कौशल मुख्य भूमिकाओं में हैं। साल 2012 में अपने फिल्मी करियर की शुरुआत करने वाली आलिया भट्ट का TIME100 Next India की पहली कवर स्टार बनना उनके अब तक के सफर की एक और बड़ी पहचान है।