Breaking News

केरल विधानसभा चुनाव: CPI ने 25 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की     |   बारिश के बाद दिल्ली में हवा की गुणवत्ता सुधरकर 97 हो गई     |   अवैध कॉल सेंटर मामला: ED ने पश्चिम बंगाल के 10 ठिकानों पर छापा मारा     |   राज्यसभा चुनाव: बिहार में अब तक एनडीए के 176, महागठबंधन के 37 विधायकों ने डाला वोट     |   सेंसेक्स 179 अंक गिरकर 74,384.61 पर; निफ्टी 53 अंक गिरकर 23,098 पर खुला     |  

बारिश के बाद दिल्ली में हवा की गुणवत्ता सुधरकर 97 हुई

बेमौसम बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर की हवा में सुधार देखने को मिला है। सोमवार को एयर क्वालिटी घटकर ग्रीन जोन में पहुंच गई। आज सुबह दिल्ली का औसत एक्यूआई (AQI) 97 दर्ज किया गया, जिसे संतोषजनक श्रेणी में माना जाता है। बारिश की वजह से हवा में मौजूद धूल और प्रदूषक कण कम हो गए, जिससे लोगों को एयर पॉल्यूशन से कुछ राहत मिली है। अगर सोमवार को 24 घंटे का औसत AQI ‘संतोषजनक’ श्रेणी में बना रहता है, तो यह इस साल का पहला दिन होगा जब दिल्ली की हवा इस श्रेणी में दर्ज की जाएगी।

दिल्ली में रविवार सुबह कई इलाकों में हल्की बारिश देखन को मिली। मौसम विभाग के अनुसार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में सफदरजंग में 0.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा लोधी रोड में 0.5 मिलीमीटर और आयानगर में 0.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं पालम और रिज इलाके में केवल ट्रेस यानी बेहद हल्की बारिश ही रिकॉर्ड की गई। बारिश के बाद तापमान में भी हल्की गिरावट हुई है, जिससे रविवार को गर्मी से काफी राहत महसूस हुई। आज सुबह मौसम में ठंडक का एहसास बना रहा। मौसम विभाग ने आज दिल्ली में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना जताई है।

IMD के मुताबिक सोमवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक है। वहीं पालम में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.9 डिग्री ज्यादा है। इसके अलावा लोधी रोड पर 16.8 डिग्री सेल्सियस, रिज क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में सुबह का तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार 0 से 50 के बीच AQI को ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच AQI को ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है। बारिश के बाद हवा की गुणवत्ता में आए इस सुधार से दिल्ली के लोगों को फिलहाल थोड़ी राहत जरूर मिली है।