Breaking News

बस सवालों से इतनी घबराहट? मोदी सच्चाई से ऐसा डरे, झूठ की शरण ले ली: राहुल गांधी     |   राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण खत्म, 1 घंटा 35 मिनट चला संबोधन     |   चेक बाउंस केस: दिल्ली HC के आदेश के बाद राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल में सरेंडर किया     |   मेघायल कोयला खदान हादसा: अब तक 16 मजदूरों की मौत, कई अन्य के दबे होने की आशंका     |   राज्यसभा: ‘उन्होंने महात्मा गांधी का सरनेम चुराया’, PM मोदी ने राहुल पर साधा निशाना     |  

अडाणी के छोटे बेटे की शादी संपन्न, दस हजार करोड़ रुपये दान करने की घोषणा

Gujarat: अरबपति कारोबारी गौतम अडाणी के छोटे बेटे जीत शुक्रवार को अपनी मंगेतर दिवा शाह के साथ एक निजी पारंपरिक समारोह में शादी के बंधन में बंध गए। शादी के समारोह में उनके दोस्तों और परिवार के लोगों का एक छोटा समूह ही मौजूद था। गौतम अडाणी ने इस वैवाहिक समारोह को साधारण ढंग से संपन्न कराने को प्राथमिकता दी।

इस मौके पर उन्होंने स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और कौशल विकास में बुनियादी ढांचे के निर्माण समेत विभिन्न सामाजिक कार्यों के लिए 10,000 करोड़ रुपये दान करने की घोषणा की। सूत्रों ने कहा कि यहां शांतिग्राम में जैन परंपरा के अनुरूप की गई शादी के लिए बहुत कम संख्या में परिवार और दोस्तों को आमंत्रित किया गया था।

सूत्रों के मुताबिक, शादी में किसी भी मशहूर हस्ती को आमंत्रित नहीं किया गया था। अडाणी शनिवार को कर्मचारियों के लिए एक भोज का आयोजन करेंगे। अदाणी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''सर्वशक्तिमान ईश्वर के आशीर्वाद से जीत और दिवा आज शादी के पवित्र बंधन में बंध गए।''

उन्होंने कहा, ''ये एक छोटा और बेहद निजी समारोह था। इसलिए हम चाहते हुए भी सभी शुभचिंतकों को आमंत्रित नहीं कर सके, जिसके लिए मैं माफी चाहता हूं।'' उन्होंने शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए नवविवाहित जोड़े के लिए आशीर्वाद और प्यार मांगा।

अडाणी के करीबी सूत्रों ने बताया कि उन्होंने 10,000 करोड़ रुपये दान करने का वादा किया है। ये राशि किफायती विश्वस्तरीय अस्पतालों और विद्यालयों के साथ ही कौशल विकास पर खर्च की जाएगी। इसके जरिये रोजगार के मौके तैयार करने पर भी जोर होगा।

एशिया के दूसरे सबसे धनी व्यक्ति गौतम अडाणी के दो बेटे हैं। पहले बेटे करण की शादी परिधि से हुई है जो वकील और सिरिल अमरचंद मंगलदास की पार्टनर हैं। वहीं दूसरी बहू दिवा एक हीरा व्यापारी की बेटी है।

शादी का जश्न दोपहर करीब दो बजे शुरू हुआ और पारंपरिक जैन औक गुजराती संस्कारों के अनुरूप रस्में निभाई गईं। इसमें करीबी रिश्तेदार और दोस्त शामिल हुए।