Breaking News

लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने कुमाऊं रेजिमेंट के कर्नल का पदभार संभाला     |   हमने ईरान के टॉप लीडर से बात की, अगर डील होती है तो ये अच्छी बात: डोनाल्ड ट्रंप     |   चीन के विदेश मंत्री ने UK PM स्टार्मर के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार से मुलाकात की     |   पुडुचेरी चुनाव 2026: ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस ने 18 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की     |   दिल्ली: गृह मंत्री अमित शाह की NDA के संसदीय दल के नेताओं के साथ बैठक शुरू हुई     |  

उधमसिंह नगर में धूं-धूं कर जला कबाड़ का गोदाम, आग बुझाते वक्त एक फायर कर्मी झुलसा

रुद्रपुर में बुधवार रात कबाड़ के गोदाम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. घटना में एक फायरमैन घायल हो गया, जबकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है. रुद्रपुर में बीती रात लगभग 8:02 बजे 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि शिमला बहादुर, फूलसूंगा क्षेत्र में एक कबाड़ के गोदाम में आग लग गई है. सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी महेश चंद के नेतृत्व में फायर यूनिट रुद्रपुर तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई. मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि आग प्लास्टिक कबाड़ से भरे गोदाम में तेजी से फैल रही थी. आग की तीव्रता को देखते हुए मोटर फायर इंजन से पंपिंग कर दो डिलीवरी होज पाइपों की सहायता से आग बुझाने का कार्य प्रारंभ किया गया.

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए एक अतिरिक्त फायर यूनिट रुद्रपुर फायर स्टेशन से व एक फायर यूनिट पंतनगर फायर स्टेशन से भी मौके पर बुलाई गई. कुल तीन फायर यूनिटों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूर्ण रूप से काबू पा लिया.अग्निकांड में खलील पुत्र जलील का प्लास्टिक कबाड़ जलकर नष्ट हो गया. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.

आग बुझाने के दौरान लीडिंग फायरमैन चंद्र प्रकाश के पैर में पिघला हुआ प्लास्टिक चिपक जाने से वे घायल हो गए. उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया. अग्निशमन अधिकारी महेश चंद ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है. नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है. मामले में अग्रिम कार्रवाई प्रचलित है.

बताते चलें कि बीती रात देहरादून के लक्ष्मण चौक स्थित एक फर्नीचर वर्कशॉप में भी अचानक भीषण आग लग गई थी. फर्नीचर वर्कशॉप में आग लगने से लोगों में हड़कंप मच गया. जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल सूचना दमकल विभाग को दी. सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंची और आग पर बमुश्किल काबू पाया गया.