Breaking News

हावड़ा-रक्सौल मिथिला एक्सप्रेस के जनरल कोच में उठा धुआं, मची अफरा-तफरी     |   केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने Re-NEET की तैयारियों पर समीक्षा बैठक की     |   विधायक रविंद्र भाटी ने खुद को आग लगाने की कोशिश की     |   दिल्ली में प्रदूषण लेवल 208 के पार पहुंचा, ग्रेप 1 लागू     |   पश्चिम बंगाल में सस्टेनेबिलिटी पर फोकस, सरकारी दफ्तरों को खर्च घटाने के आदेश     |  

महिला सशक्तिकरण की दिशा में दिल्ली की बड़ी उपलब्धि, 8 लाख से अधिक महिलाओं को मिला ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में महिलाओं के लिए सुरक्षित, आधुनिक और सुगम सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में राजधानी ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। दिल्ली सरकार और दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ योजना के तहत अब तक 8 लाख से अधिक स्मार्ट कार्ड जारी किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, यह उपलब्धि योजना की बढ़ती लोकप्रियता और दिल्ली की महिलाओं द्वारा सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर बढ़ते भरोसे को दर्शाती है। महिलाओं को कार्ड बनवाने में सुविधा देने के लिए शहरभर में विशेष शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा और आत्मनिर्भरता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उनके अनुसार, ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ केवल मुफ्त यात्रा की सुविधा नहीं, बल्कि महिलाओं को सम्मानजनक, सुरक्षित और डिजिटल रूप से सशक्त यात्रा अनुभव प्रदान करने का माध्यम बन गया है।

उन्होंने कहा कि जब सार्वजनिक परिवहन सुरक्षित, सुलभ और तकनीक-आधारित होता है, तो महिलाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर स्वतः बढ़ते हैं। यह योजना महिलाओं को आर्थिक राहत देने के साथ-साथ आत्मविश्वास भी बढ़ा रही है। ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ एनसीएमसी (NCMC) आधारित ‘टैप एंड गो’ तकनीक पर काम करता है। इसके माध्यम से महिलाएं और ट्रांसजेंडर नागरिक DTC बसों में बिना कागजी टिकट के मुफ्त यात्रा कर सकते हैं। कार्ड को ETM मशीन पर टैप करते ही यात्रा का रिकॉर्ड स्वतः दर्ज हो जाता है।

यह कार्ड भविष्य में मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में भुगतान आधारित उपयोग के लिए भी सक्षम है। इसे आसानी से ऑनलाइन रिचार्ज किया जा सकता है और यात्री अपनी डिजिटल यात्रा हिस्ट्री भी देख सकते हैं। यह योजना दिल्ली के पांच वर्ष से अधिक आयु की सभी महिला और ट्रांसजेंडर निवासियों के लिए उपलब्ध है।

विशेषज्ञों के अनुसार, इस सुविधा से महिलाओं को हर महीने लगभग 1,200 से 2,400 रुपये तक की बचत हो रही है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो रही है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में योजना का दायरा और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार महिलाओं को सुरक्षित, स्मार्ट और सम्मानजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।