Breaking News

US एयरस्ट्राइक में ईरानी नेवी अफसर की मौत, 4 दिन में 19 सैन्यकर्मियों के मारे जाने का दावा     |   वियतनाम में 15 भारतीयों की मौत पर एक्शन, पुलिस ने बोट कैप्टन को हिरासत में लिया     |   IMD ने जारी किया रेड अलर्ट, पूर्वोत्तर से बिहार तक भारी बारिश के आसार     |   राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर RSS ने जताया दुख, कहा- भविष्य में न हो ऐसा, SIT जांच पर भरोसा     |   वॉशिंगटन जाएंगे इराकी प्रधानमंत्री, तेल-गैस पर बड़े डील की उम्मीद     |  

तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम में कॉलेज की बस पलटने से 32 छात्र घायल

तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जिले में शुक्रवार को अस्वपुरम के पास केएलआर कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की एक बस पलटने से करीब 32 छात्र घायल हो गए। बताया जा रहा है कि ये हादसा तब हुआ, जब एक दोपहिया वाहन बस के सामने आया और ड्राइवर ने बस पर नियंत्रण खो दिया।

केएलआर कॉलेज के प्रिंसिपल के. राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 8.50 बजे एक प्रोफेसर ने इस घटना की जानकारी दी, जो उसी बस में सफर कर रहे थे। उन्होंने कहा, "बस में करीब 40 छात्र थे, जिनमें से 32 को मामूली और गंभीर चोटें आई हैं। चौदह छात्रों को टांके और हेयरलाइन फ्रैक्चर के इलाज के लिए भर्ती कराया गया। दो छात्रों को सर्जरी की जरूरत है, जबकि बाकी को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।"

प्रिंसिपल ने बताया कि कॉलेज इलाज का सारा खर्च उठाएगा और माता-पिता को इस बारे में बता दिया गया है। उन्होंने कहा कि ज्यादातर घायल छात्रों को भद्राचलम सरकारी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। भद्राचलम सरकारी अस्पताल के आरएमओ डॉ. राजशेखर रेड्डी ने बताया कि सुबह करीब 8.30 बजे 32 घायल छात्रों को अस्पताल लाया गया। उन्होंने कहा, "पांच छात्रों को यहां भर्ती किया गया, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल छात्रों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया।" पुलिस मामला दर्ज कर दुर्घटना के सही कारण का पता लगाने में जुटी है।