Breaking News

कांग्रेस 26 नवंबर को निकालेगी 'संविधान बचाओ' मार्च     |   उत्तर प्रदेश शासन ने देर रात 55 PCS अधिकारियों के तबादले किए     |   हूतियों ने रियाद में किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बनाया निशाना     |   आज से फिलीपींस की राजधानी मनीला के दौरे पर रहेंगे PM मोदी     |   काला सागर में तीन शिप पर ड्रोन अटैक में क्षतिग्रस्त: रोमानिया     |  

30 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को मिली बम की धमकी

इंडियन एयरलाइंस की करीब 30 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में सोमवार रात बम होने की धमकी मिली। सूत्रों ने ये जानकारी दी। सूत्रों ने बताया इंडिगो, विस्तारा और एअर इंडिया जैसी कंपनियों की उड़ानों में बम होने की धमकी मिली। ‘इंडिगो’ के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को विमानन कंपनी की चार उड़ानों- 6ई 164 (मंगलुरू से मुंबई), 6ई 75, (अहमदाबाद से जेद्दा), 6ई 67 (हैदराबाद से जेद्दा) और 6ई 118 (लखनऊ से पुणे) को सुरक्षा संबंधी अलर्ट मिले।

विमानन कंपनी की ओर से जारी बयानों के अनुसार, इन उड़ानों से पैसेंजरों को सुरक्षित उतारा गया। प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हमने संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम किया और मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन किया गया।’’ एअर इंडिया के प्रवक्ता ने कंफर्म किया कि सोमवार को विमानन कंपनी की कुछ उड़ानों को सोशल मीडिया के जरिए सुरक्षा संबंधी धमकियां मिली थीं। प्रवक्ता ने कहा, ‘‘प्रोटोकॉल का पालन करते हुए संबंधित अधिकारियों को फौरन सतर्क कर दिया गया।सभी सुरक्षा प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन किया गया।’’

‘विस्तारा’ के प्रवक्ता ने भी बताया कि सोमवार को संचालित कुछ उड़ानों को सोशल मीडिया के जरिए सुरक्षा संबंधी धमकियां मिलीं। नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने सोमवार को कहा था कि बम की धमकियां भले ही अफवाह हों, लेकिन ऐसी चीजों को हल्के में नहीं लिया जा सकता। इस बीच, सरकार विमानन सुरक्षा नियमों और ‘नागरिक विमानन सुरक्षा के विरुद्ध गैर-कानूनी कृत्यों का दमन अधिनियम 1982’ में संशोधन करने की योजना बना रही है।