Breaking News

उत्तराखंड में 10 IAS और 20 PCS अफसरों का ट्रांसफर, कई जिलों के CDO बदले     |   दिल्ली: शास्त्री पार्क अंडरपास के पास डीटीसी बस में लगी आग     |   सऊदी अरब में हूतियों का ड्रोन अटैक, पंपिंग स्टेशन को निशाना बनाने का दावा     |   अमेरिका: ब्रुकलिन में इमारत गिरने से एक की मौत, 10 जख्मी     |   हैदराबाद: मूसी कायाकल्प का पहला चरण जल्द होगा शुरू, CM रेवंत रेड्डी का ऐलान     |  

दीपावली पर यूपी रोडवेज ने बनाया रिकॉर्ड, 6 दिन में एक करोड़ से ज्यादा यात्रियों ने किया सफर

दीपावली के दौरान उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों ने यात्रियों की संख्या के मामले में नया रिकॉर्ड बनाया है। छह से 11 नवंबर तक छह दिनों में एक करोड़ से अधिक यात्रियों ने रोडवेज बसों से सफर किया। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि त्योहार के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और आसान सफर उपलब्ध कराने के लिए बड़े स्तर पर बसों का संचालन किया गया।

परिवहन मंत्री के मुताबिक, इस बार दीपावली पर बसों से सफर करने वाले यात्रियों की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में सबसे अधिक रही। अब छठ पर्व को देखते हुए भी योगी सरकार ने बसों की अतिरिक्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

छठ पर 13 से 17 नवंबर तक चलेंगी अतिरिक्त बसें

छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 13 से 17 नवंबर तक अधिक से अधिक बसें चलाने की तैयारी है। दिल्ली और दूसरे महानगरों से पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों के लिए अतिरिक्त बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। लखनऊ और कानपुर से भी अतिरिक्त सेवाएं संचालित होंगी।पूर्वांचल से दिल्ली, गाजियाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने पर भी जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी।

अनफिट बसों के संचालन पर रहेगी रोक

परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को बसों को शत-प्रतिशत ऑनरोड रखने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि किसी भी हालत में अनफिट बसों का संचालन नहीं किया जाएगा। बसों की मरम्मत, स्पेयर पार्ट्स की उपलब्धता और तकनीकी जांच पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

इसके अलावा चालकों और परिचालकों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कराया जाएगा। बसों और बस स्टेशनों पर साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, डिजिटल समय सारिणी और सहायता केंद्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी भी रोस्टर के अनुसार लगाई जाएगी।

चालक-परिचालकों को मिलेंगे 400 रुपये प्रतिदिन

त्योहारों के दौरान अतिरिक्त बसें चलाने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष राशि दी जाएगी। निर्धारित औसत किलोमीटर के अनुसार प्रतिदिन बस संचालन करने वाले नियमित, संविदा और आउटसोर्सिंग चालक-परिचालकों को 400 रुपये प्रतिदिन की दर से एकमुश्त विशेष प्रोत्साहन राशि मिलेगी। सरकार का जोर छठ पर्व के दौरान यात्रियों को समय पर बसें उपलब्ध कराने और उनके सफर को सुरक्षित व सुविधाजनक बनाने पर है।