Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

जाति के नाम पर समाज को बांटने वालों में रावण की आत्मा: सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजयादशमी के अवसर पर गोरखपुर के मानसरोवर रामलीला मैदान में प्रभु श्रीराम के राजतिलक समारोह को संबोधित करते हुए सामाजिक एकता और राष्ट्रहित का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने वाले लोग देश की एकता को कमजोर कर रहे हैं। ऐसे लोगों में रावण की प्रवृत्ति दिखाई देती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया में अलग-अलग समुदायों और विचारधाराओं के बीच संघर्ष हो रहे हैं, जबकि भारत सनातन की परंपरा के तहत हर जाति, संप्रदाय, मत और मजहब को सुरक्षा देने के साथ बिना भेदभाव समृद्धि की ओर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने भारत के बारे में दुष्प्रचार करने वाली ताकतों के प्रति भी लोगों को सतर्क रहने की अपील की।

भारत मजबूत होता है तो अपनी विरासत की रक्षा करता है

सीएम योगी ने कहा कि जब भारत कमजोर होता है, तब उसकी सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत पर आघात होता है। उन्होंने राम जन्मभूमि, कृष्ण जन्मभूमि, काशी विश्वनाथ और सोमनाथ मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की मजबूती उसकी परंपराओं और सम्मान की रक्षा के लिए जरूरी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अपनी सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने की दिशा में काम किया है। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण संकल्प और एकजुटता का परिणाम है। मुख्यमंत्री के अनुसार, राम मंदिर आंदोलन के दौरान रामभक्तों के पास सत्ता नहीं, बल्कि संकल्प था, जिसने मंदिर निर्माण के लक्ष्य को आगे बढ़ाया।

राम मंदिर का विरोध करने वालों पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ लोग अयोध्या और राम मंदिर को लेकर दुष्प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान रामभक्तों पर हुए अत्याचारों का जिक्र करते हुए कहा कि आज वही लोग राम-राम का नाम ले रहे हैं। उन्होंने हनुमान जी और कालनेमि के प्रसंग का उल्लेख करते हुए लोगों से छल-कपट और भ्रम फैलाने वालों को पहचानने की अपील की। सीएम योगी ने कहा कि देश और धर्म की सुरक्षा एक-दूसरे से जुड़ी हुई है। भारत सुरक्षित रहेगा, तभी समाज और उसकी सांस्कृतिक परंपराएं भी सुरक्षित रह सकेंगी।

रामलीला में जाति नहीं, कर्म और संवाद का महत्व

सीएम योगी ने रामलीलाओं को सामाजिक समरसता का श्रेष्ठ उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि रामलीला में किसी पात्र की जाति नहीं पूछी जाती, बल्कि उसके कार्य, संवाद और योगदान को महत्व दिया जाता है।

उन्होंने कहा कि गांवों में राम, लक्ष्मण, भरत, सीता, हनुमान, शबरी और निषादराज जैसे पात्रों की भूमिका स्थानीय लोग निभाते हैं। इसमें समाज के अलग-अलग वर्ग एक साथ आकर परंपरा का निर्वहन करते हैं। रामलीलाएं प्रभु श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ समाज को जोड़ने का काम करती हैं।

मुख्यमंत्री ने रावण के दस सिरों को अधर्म, असत्य, अन्याय, अत्याचार, अमर्यादा, भ्रष्टाचार, दुराचार, भ्रम, दुष्प्रचार और नशे का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि विजयादशमी पर इन बुराइयों के खिलाफ भी संकल्प लेना चाहिए।

नशे के खिलाफ समाज भी निभाए जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री ने नशे को युवाओं और समाज के लिए गंभीर खतरा बताते हुए कहा कि इसके खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। सरकार नशे के कारोबार से जुड़े लोगों पर कार्रवाई कर रही है, लेकिन परिवार और समाज को भी अपनी भूमिका निभानी होगी।

उन्होंने लोगों से अपने आसपास नशे से जुड़ी गतिविधियों को रोकने और युवाओं को इससे दूर रखने के लिए मिलकर प्रयास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुष्प्रचार और भ्रम फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ भी समाज को एकजुट रहना चाहिए।

परिवार और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने की अपील

सीएम योगी ने लोगों से परिवार के लिए समय निकालने, धार्मिक ग्रंथों और महापुरुषों की जीवनियों को पढ़ने तथा भारतीय संस्कृति से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कैलाश मानसरोवर, बदरीनाथ, केदारनाथ, जगन्नाथपुरी, द्वारकापुरी, कन्याकुमारी और रामेश्वरम जैसे धार्मिक स्थलों की यात्रा करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों को देश की सांस्कृतिक विरासत को समझने का अवसर मिलता है।

सरकारी योजनाओं को बताया रामराज्य की अवधारणा का आधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार रामराज्य की अवधारणा को आदर्श शासन की प्रेरणा मानकर काम कर रही है। इसका उद्देश्य ऐसा समाज बनाना है, जहां हर व्यक्ति को सम्मान मिले और किसी को दुख, दरिद्रता या अन्याय का सामना न करना पड़े।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, बिजली कनेक्शन, रसोई गैस कनेक्शन और मुफ्त राशन योजना का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 67 लाख विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जा रही है। गरीब परिवारों की बेटियों की शिक्षा और विवाह के लिए भी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने रोजगार, स्टार्टअप और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के जरिए लाभार्थियों तक सरकारी सहायता पहुंचाने के प्रयासों का भी जिक्र किया।

रामलीला समिति ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

कार्यक्रम में श्री श्री आर्यनगर रामलीला समिति के अध्यक्ष पुष्पदंत जैन ने रामलीला मैदान और मंच को सुरक्षित एवं संसाधन संपन्न बनाने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। समारोह में गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह सहित जनप्रतिनिधि, संत, रामलीला समिति के पदाधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभु श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की पूजा-अर्चना की तथा प्रभु श्रीराम का राजतिलक किया।