Breaking News

दिल्ली एयरपोर्ट पर जबरन घुसने की कोशिश नाकाम, CISF जवानों ने एक संदिग्ध पकड़ा     |   पंजाब के लिए कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने प्रदेश चुनाव समिति के गठन को दी मंजूरी     |   अमेरिका-वेनेजुएला में सैन्य रिश्ते बहाल करने पर समझौता: अमेरिकी रक्षा मंत्री हेगसेथ     |   'सऊदी के जिजान और खमिस मुशैत शहरों पर किया हमला', हूतियों का दावा     |   भारत-न्यूजीलैंड का पहला टेस्ट मैच, टॉस जीतकर भारत ने पहले फील्डिंग चुनी     |  

रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर PM मोदी ने किया नमन, बोले- उनकी वीरता की गाथा पीढ़ियों को करती रहेगी प्रेरित

देशभर में आज वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती मनाई जा रही है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, स्वाभिमान और वीरता को याद किया। पीएम मोदी ने कहा कि विदेशी शासन के खिलाफ रानी लक्ष्मीबाई के संघर्ष और बलिदान की कहानी देश की हर पीढ़ी को मातृभूमि के लिए समर्पण की प्रेरणा देती रहेगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर रानी लक्ष्मीबाई को भारत माता की वीर बेटी बताया। उन्होंने लिखा कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी रानी लक्ष्मीबाई ने अपने कर्तव्य और स्वाभिमान से कभी समझौता नहीं किया। विदेशी शासन के खिलाफ उनका अद्भुत साहस और पराक्रम हमेशा देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।

सीएम योगी ने बताया स्वाभिमान की अमर मशाल

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर उन्हें नमन किया। सीएम योगी ने कहा कि मातृभूमि की आजादी के लिए अंतिम सांस तक लड़ने वाली वीरांगना का साहस और बलिदान भारतीयों के हृदय में स्वाभिमान की अमर मशाल की तरह जलता रहेगा।

उन्होंने एक्स पर लिखा कि रानी लक्ष्मीबाई का जीवन देश की हर बेटी को साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा। उनका बलिदान केवल इतिहास की याद नहीं, बल्कि देश के आत्मसम्मान का प्रतीक है।

पंकज चौधरी ने भी दी श्रद्धांजलि

उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी झांसी की रानी को उनकी जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि 1857 की क्रांति में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ रानी लक्ष्मीबाई के अद्भुत पराक्रम और मातृभूमि के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान ने स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई का त्याग, साहस और स्वाभिमान हमेशा देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।

कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने भी किया याद

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भी रानी लक्ष्मीबाई को याद करते हुए उनके संघर्ष और नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के कब्जे की नीति का विरोध करते हुए रानी लक्ष्मीबाई ने 1857 की क्रांति में अपनी सेना का नेतृत्व किया था।

उन्होंने झांसी की रक्षा से लेकर ग्वालियर के पास लड़ी गई उनकी आखिरी लड़ाई तक के साहस और बलिदान को याद किया। शिवकुमार ने कहा कि वीरांगना का अदम्य साहस और देश के लिए उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा।

रानी लक्ष्मीबाई का जन्म 19 नवंबर 1828 को वाराणसी में हुआ था। बचपन में उनका नाम मणिकर्णिका तांबे था और उन्हें प्यार से मनु भी कहा जाता था। वह झांसी रियासत की रानी थीं। साल 1843 में उनका विवाह झांसी के महाराजा गंगाधर राव से हुआ था।

1857 में अंग्रेजों के खिलाफ शुरू हुई क्रांति के दौरान उन्होंने झांसी की कमान संभाली और ब्रिटिश सेना के खिलाफ कई मोर्चों पर लड़ाई लड़ी। अंग्रेजों की अधीनता स्वीकार करने के बजाय उन्होंने आखिरी सांस तक संघर्ष किया।

18 जून 1858 को ग्वालियर के पास कोटा-की-सराय में युद्ध के दौरान रानी लक्ष्मीबाई वीरगति को प्राप्त हुईं। उनका शौर्य, संघर्ष और मातृभूमि के लिए दिया गया बलिदान आज भी भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज है।