Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

योगी सरकार में बिना भेदभाव मनाए जा रहे त्योहार, सपा पर मंत्रियों का तीखा हमला

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। योगी सरकार के कैबिनेट मंत्रियों चौधरी भूपेंद्र सिंह और संजय निषाद के साथ भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। मंत्रियों ने धार्मिक आयोजनों, सामाजिक न्याय, संविधान और मीडिया के मुद्दे पर सपा की राजनीति पर सवाल उठाए।

सपा सरकार में धार्मिक आयोजनों में बाधा डालने का आरोप

कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान कांवड़ यात्रा, रामनवमी के जुलूस और हिंदुओं के धार्मिक आयोजनों में बाधाएं डाली जाती थीं। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में सभी वर्गों को बिना भेदभाव अपने त्योहार मनाने का अवसर मिल रहा है।

भूपेंद्र सिंह ने अखिलेश यादव पर तुष्टीकरण की राजनीति करने और बहुसंख्यक समाज को अपमानित करने का आरोप लगाया। उन्होंने पत्रकारों के प्रति सपा के रवैये पर भी सवाल उठाए। मंत्री ने दावा किया कि अखिलेश यादव पत्रकारों के सवालों पर उनकी जाति पूछते हैं। उन्होंने सपा से पत्रकार जगत से माफी मांगने की मांग की।

सामाजिक मुद्दों के समाधान के लिए भाजपा के साथ आए: संजय निषाद

कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह राजनीति में व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं, बल्कि सामाजिक मुद्दों का समाधान कराने के लिए भाजपा के साथ आए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सामाजिक समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल कर रही है। संजय निषाद ने कहा कि यदि सामाजिक मुद्दों के समाधान की दिशा में काम नहीं हुआ और रास्ते बंद किए गए, तो आगे विचार किया जाएगा।

संविधान के तहत सभी जातियों को मिले समान अवसर

संविधान बचाने के अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए संजय निषाद ने कहा कि संविधान की मूल भावना समता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और न्याय पर आधारित है। सभी राजनीतिक दल जनता को सम्मान, सुरक्षा, समृद्धि और समान अवसर देने की बात करते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद कई दल अपने वादे भूल जाते हैं।

उन्होंने सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट का हवाला देते हुए सरकारी नौकरियों में कुछ विशेष वर्गों के अधिक प्रतिनिधित्व का दावा किया। उन्होंने सवाल उठाया कि अन्य जातियों को उनका अधिकार और अवसर क्यों नहीं मिलना चाहिए। निषाद ने कहा कि संविधान का उद्देश्य सभी वर्गों को समान अधिकार और अवसर देना है।

सीएम योगी के AI वीडियो और मीडिया बहिष्कार पर भाजपा का पलटवार

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को रावण के रूप में दिखाने वाले AI वीडियो को लेकर सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता सपा को जवाब देगी। उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल पर गुंडागर्दी, माफियाराज और भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए।

महंगाई के कारण बाजारों की रौनक कम होने के अखिलेश यादव के दावे पर दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में खुशहाली दिखाई दे रही है और लोगों के चेहरों पर मुस्कान है।

दैनिक जागरण के बहिष्कार से जुड़े बयान पर उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा पत्रकारिता को दबाने का प्रयास कर रही है। भाजपा प्रवक्ता ने अखिलेश यादव को मीडिया को निशाना बनाने के बजाय अपने रवैये में सुधार करने की सलाह दी।