Breaking News

पहले ऑयल कंपनी, फिर प्लाईवुड और कूरियर... नवी मुंबई के वाशी में रात दो बजे तक धधकती रही भीषण आग     |   राइजिंग स्टार्स एशिया कप: पाकिस्तान ने भारत को 48 रन से हराया     |   UP सरकार 23 से 26 नवंबर तक लखनऊ में चार दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय महोत्सव आयोजित करेगी     |   सऊदी की राबिग ऑयल रिफाइनरी पर हमला, यमन के हूतियों का दावा     |   शिखरजी यात्रा से लौट रहे यात्रियों की बस पेड़ से टकराई, 2 की मौत, 12 से ज्यादा घायल     |  

योगी सरकार की डिजिटल शिक्षा पहल, ई-विद्या के पांच चैनलों से बालवाटिका से 12वीं तक पढ़ाई

उत्तर प्रदेश में विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए योगी सरकार डिजिटल माध्यमों का भी सहारा ले रही है। इसी क्रम में पीएम ई-विद्या के पांच शैक्षिक चैनलों के जरिए बालवाटिका से लेकर कक्षा 12 तक के बच्चों के लिए कक्षावार और विषयवार कार्यक्रम प्रसारित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में भाषा, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान सहित कई विषयों की सामग्री शामिल है।

डिजिटल शिक्षा की इस व्यवस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों के साथ-साथ दृश्य-श्रव्य माध्यम से भी पढ़ने और समझने का अवसर देना है। इससे बच्चे अपनी कक्षा में पढ़ाए गए पाठों को दोहरा सकते हैं और अपनी सुविधा के अनुसार विषयों को बेहतर तरीके से समझ सकते हैं।

अलग-अलग कक्षाओं के लिए पांच चैनल

उत्तर प्रदेश में संचालित पांच चैनलों को विद्यार्थियों की कक्षाओं के अनुसार बांटा गया है।

  • चैनल 173: बालवाटिका से कक्षा 2 तक
  • चैनल 174: कक्षा 3 से 5 तक
  • चैनल 175: कक्षा 6 से 8 तक
  • चैनल 176: कक्षा 9 और 10
  • चैनल 177: कक्षा 11 और 12

इस व्यवस्था के जरिए हर विद्यार्थी को अपने स्तर और पाठ्यक्रम के मुताबिक शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।

कहानियों और गतिविधियों से बच्चों की पढ़ाई आसान

शुरुआती कक्षाओं के कार्यक्रमों में बच्चों की भाषा और गणित की बुनियादी समझ मजबूत करने पर ध्यान दिया गया है। बालवाटिका के बच्चों के लिए शब्दों में अपनी बात कहना, अक्षरों से शब्द बनाना और संख्याओं की शुरुआती समझ जैसे विषय शामिल हैं।

कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों को गिनती, छोटी-बड़ी संख्याओं, रंगों और आकृतियों के बारे में सिखाया जा रहा है। इसके लिए अक्षरगीत और कहानी आधारित कार्यक्रम भी प्रसारित किए जाते हैं।

कक्षा तीन से पांच तक के बच्चों के लिए हिंदी, अंग्रेजी, गणित और पर्यावरण अध्ययन की सामग्री उपलब्ध है। 'द बिग लड्डू', 'बादल और मोती', 'टॉकिंग टॉयज', 'हिडन ट्रेजर', 'वाराणसी की यात्रा', 'आम का पेड़' और 'लाल बहादुर शास्त्री' जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से विषयों को रोचक उदाहरणों और कहानियों से समझाया जाता है।

कक्षा 6 से 12 तक विषयवार पढ़ाई

माध्यमिक और उच्च माध्यमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए भी अलग-अलग विषयों के कार्यक्रम तैयार किए गए हैं। चैनल 175 पर कक्षा छह से आठ तक हिंदी, अंग्रेजी, गणित और सामाजिक विज्ञान की सामग्री प्रसारित होती है।

कक्षा नौ और दस के विद्यार्थियों को चैनल 176 पर हिंदी, अंग्रेजी और गणित के कार्यक्रम मिलते हैं। वहीं कक्षा 11 और 12 के लिए चैनल 177 पर रसायन विज्ञान, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र और अंग्रेजी जैसे विषयों की शिक्षण सामग्री उपलब्ध है।

इन कार्यक्रमों में कक्षा 12 के लिए 'ठोस अवस्था', 'राष्ट्र-निर्माण की चुनौतियां' और 'संरचनात्मक परिवर्तन' जैसे पाठ शामिल हैं। कक्षा 11 के विद्यार्थियों को 'राजनीतिक सिद्धांत-एक परिचय', 'संविधान-क्यों और कैसे' और अंग्रेजी पाठ 'द टेल ऑफ मेलॉन सिटी' पढ़ाया जा रहा है।

एसआईईटी स्टूडियो में विशेषज्ञों की देखरेख में निर्माण

शैक्षिक कार्यक्रमों की शूटिंग एसआईईटी के स्टूडियो में की जाती है। एसआईईटी के निदेशक डॉ. मुकेश अग्रवाल के निर्देशन में तैयार होने वाले इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों की कक्षा, विषय और सीखने की जरूरतों का ध्यान रखा जाता है।

पाठ्य सामग्री को सरल और सहज तरीके से प्रस्तुत करने पर जोर दिया जाता है, ताकि डिजिटल माध्यम से पढ़ाई करने वाले बच्चों को विषय समझने में आसानी हो।

यूट्यूब पर भी देख सकेंगे कार्यक्रम

पीएम ई-विद्या के सभी पांच चैनल डीटीएच के साथ यूट्यूब पर भी उपलब्ध हैं। इससे विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को शैक्षिक सामग्री देखने का अतिरिक्त विकल्प मिला है। बच्चे अपनी सुविधा के अनुसार वीडियो देख सकते हैं और स्कूल में पढ़ाए गए पाठों का दोबारा अभ्यास कर सकते हैं।

महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने कहा कि पीएम ई-विद्या के पांच चैनलों के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक विद्यार्थी तक उसकी कक्षा और विषय के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सामग्री पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रसारण से बच्चे किताबों के साथ दृश्य-श्रव्य माध्यमों से भी विषयों को आसानी से समझ सकेंगे। इसका उद्देश्य तकनीक की मदद से शिक्षा को अधिक रोचक, सहज और सुलभ बनाना है, ताकि हर बच्चे को सीखने के बेहतर अवसर मिल सकें।