उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 16 और 17 अगस्त को तमिलनाडु के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह चेन्नई, चेंगलपट्टू, तिरुवरूर और तंजावुर में आयोजित कई शैक्षणिक, स्मृति और साहित्यिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति सचिवालय के मुताबिक, 16 अगस्त को सीपी राधाकृष्णन चेंगलपट्टू के कट्टनकुलथुर स्थित SRM इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (SRMIST) के 22वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।
इसके बाद वह चेन्नई के टी. नगर स्थित वाणी महल में नागालैंड, मणिपुर और पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल ला गणेशन की पहली पुण्यतिथि के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसी दिन उपराष्ट्रपति चेन्नई के DG वैष्णव कॉलेज ऑडिटोरियम में ‘हिंदू मुन्नानी’ के संस्थापक दिवंगत के. रामगोपालन के विचारों और लेखों पर आधारित किताब ‘Echoes of a Nationalist Mind’ के विमोचन कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे।
अपने दौरे के दूसरे दिन 17 अगस्त को उपराष्ट्रपति तिरुवरूर में सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ तमिलनाडु के 11वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद वह तंजावुर में SASTRA डीम्ड यूनिवर्सिटी के रूबी और सिल्वर जुबली के समापन समारोह में हिस्सा लेंगे। उपराष्ट्रपति के दो दिवसीय दौरे के दौरान कई शैक्षणिक और साहित्यिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।