दिल्ली के ऐतिहासिक चांदनी चौक को उसकी पुरानी पहचान और सांस्कृतिक विरासत के अनुरूप विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पुरानी दिल्ली के पुनर्विकास को लेकर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और स्थानीय समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चांदनी चौक की ऐतिहासिक खूबसूरती और पारंपरिक स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए बाजारों और रिहायशी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा।
इस योजना के तहत महिला शौचालयों का निर्माण, सफाई व्यवस्था में सुधार, यातायात प्रबंधन, अतिक्रमण पर कार्रवाई और QR कोड आधारित शिकायत प्रणाली लागू करने जैसे कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि चांदनी चौक की ऐतिहासिक प्रतिष्ठा को दोबारा स्थापित करना सरकार की प्राथमिकता है और विकास कार्यों में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

दिल्ली सचिवालय में हुई इस बैठक में चांदनी चौक के सांसद प्रवीण खंडेलवाल, शहरी विकास मंत्री आशीष सूद, स्थानीय पार्षद सुमन गुप्ता, व्यापारिक संगठनों और रिहायशी क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के साथ PWD, नगर निगम और दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में बताया गया कि बाजार की सफाई के लिए 120 कर्मचारियों की तैनाती तीन शिफ्टों में की गई है। इसके जरिए पूरे दिन और रात सफाई व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। इंद्रप्रस्थ विरासत पुनर्विकास निगम (IVPN) के अधिकारियों ने क्षेत्र में जारी विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं का ब्यौरा भी प्रस्तुत किया।
अतिक्रमण और रिक्शों की अनियंत्रित संख्या पर होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने दिल्ली पुलिस, नगर निगम और PWD को मिलकर सार्वजनिक स्थानों से अवैध कब्जे हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फुटपाथों पर अतिक्रमण, सड़कों पर वाहनों का जमावड़ा और सार्वजनिक जगहों का अनधिकृत इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
व्यापारियों ने भी बाजार में अतिक्रमण हटाने, रिक्शों की संख्या नियंत्रित करने और अनधिकृत वाहनों की आवाजाही रोकने की मांग उठाई। इस पर मुख्यमंत्री ने पुलिस और नगर निगम को संयुक्त अतिक्रमण निरोधक टीम गठित करने को कहा। नगर निगम को रिक्शों की संख्या सीमित करने के साथ उनके डिजाइन में जरूरी सुधार करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि यात्रियों और चालकों को बेहतर सुविधा मिल सके।
अवैध बसों और पार्किंग पर कसेगा शिकंजा
कश्मीरी गेट ISBT के आसपास फ्लाईओवर पर बसों के खड़े रहने और व्यावसायिक सामान की लोडिंग-अनलोडिंग से पैदा होने वाली समस्याओं पर भी मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने परिवहन विभाग को बुराड़ी ISBT को निर्धारित समयसीमा में शुरू करने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। इसके पूरी तरह संचालित होने तक बसों को बुराड़ी ISBT परिसर में सरफेस पार्किंग की सुविधा देने को कहा गया।
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के आसपास चलने वाली अवैध बसों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और भारी जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग पर अवैध पार्किंग और बसों के जरिए सामान की ढुलाई रोकने के लिए दिल्ली पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम की संयुक्त प्रवर्तन टीम बनाई जाएगी।
महिलाओं के लिए बढ़ेंगी सार्वजनिक सुविधाएं
चांदनी चौक में महिलाओं के लिए नए शौचालय बनाए जाएंगे। इसके साथ ही मौजूदा सार्वजनिक शौचालयों की संख्या बढ़ाने और उनकी सुविधाओं को आधुनिक बनाने की योजना तैयार की जाएगी। मुख्यमंत्री ने साफ-सफाई और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा है, ताकि बाजार आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

सड़कों की मरम्मत से लेकर हरियाली बढ़ाने तक की तैयारी
बैठक में PWD की ओर से चांदनी चौक के लिए तैयार की जा रही व्यापक सुविधा प्रबंधन योजना की जानकारी दी गई। इसके तहत सड़कों और बुनियादी ढांचे की मरम्मत, नालियों की देखभाल, बोलार्ड का रखरखाव, मशीनी सफाई, हरित क्षेत्रों का विकास और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
सड़कों की खराब टाइलों और फर्श की मरम्मत के साथ चारों सार्वजनिक शौचालयों का नवीनीकरण भी प्रस्तावित है। इनके लिए नई फिटिंग्स लगाई जाएंगी। इसके अलावा बोलार्ड और बैठने के लिए बेंच ऑर्डर किए जा चुके हैं। हरित पट्टियों और अन्य सार्वजनिक स्थानों के रखरखाव के लिए बागवानी प्रबंधक और उनकी टीम भी तैनात की गई है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि चांदनी चौक दिल्ली की ऐतिहासिक पहचान और सांस्कृतिक विरासत का अहम हिस्सा है। इसे स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागों को मिलकर काम करने और विकास परियोजनाओं में आने वाली अड़चनों को दूर करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि चांदनी चौक में आने वाले व्यापारियों, स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और साफ-सफाई की नियमित व्यवस्था बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि चांदनी चौक का ऐतिहासिक गौरव बरकरार रखते हुए इसे अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित बनाया जाए।