Breaking News

ईरान ने अमेरिका के साथ डिप्लोमैटिक बातचीत बंद की     |   अगले 48 घंटे सावधान रहें: भारत सरकार का ईरान में रह रहे भारतीयों को संदेश     |   आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी: ट्रंप की ईरान को बड़ी धमकी     |   ईरान का पलटवार, इजरायल पर पहली बार बाइपॉड लॉन्चर्स से वार, शारजाह पर भी अटैक     |   ईरान: करज शहर में बिजली ठप, हमले में ट्रांसमिशन लाइनों पर गिरे प्रोजेक्टाइल     |  

बंगाल में सैनी का ममता पर हमला, बोले" ‘ममता पागल हो गई हैं’, BJP की जीत का भी किया दावा

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जोरदार हमला बोलते हुए उन पर भ्रष्टाचार, खराब शासन और केंद्र की योजनाओं को लागू न करने के आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा पश्चिम बंगाल में अगली सरकार बनाएगी।

हुगली जिले में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित रोड शो को संबोधित करते हुए सैनी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार अपने भ्रष्टाचार के उजागर होने के डर से घिरी हुई है। उन्होंने कहा, “ममता पागल हो गई हैं क्योंकि उन्होंने भ्रष्टाचार किया है और उन्हें अपनी फाइलों का डर है। ममता के साथ एक पूरा गैंग है, जिस पर कार्रवाई की जाएगी। उन सभी फाइलों को खोला जाएगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के पैसे का दुरुपयोग हुआ है और अब नेतृत्व मतदाताओं को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।

चुनाव के दौरान केंद्रीय बलों की तैनाती पर उठे सवालों का जवाब देते हुए सैनी ने कहा कि यह एक सामान्य प्रक्रिया है और TMC के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा, “वे भ्रमित हो गए हैं और अपनी कमियों को छिपाने के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं। पहले भी चुनाव के समय CRPF और केंद्रीय बल आते थे और अब भी आ रहे हैं, लेकिन अब उनकी गुंडागर्दी नहीं चलेगी और इस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

उन्होंने TMC सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहने का भी आरोप लगाया। संदेशखाली और आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दुष्कर्म और हत्या के मामलों का जिक्र करते हुए सैनी ने कहा, “महिलाओं पर अत्याचार हुए हैं... एक महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद ऐसे बड़े मामले सामने आए और दोषियों को संरक्षण दिया गया।”

हरियाणा के “डबल इंजन” सरकार मॉडल का जिक्र करते हुए सैनी ने कहा कि उनके राज्य में महिलाओं को आर्थिक सहायता, सस्ते एलपीजी सिलेंडर, न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर फसलों की खरीद और आयुष्मान भारत के तहत स्वास्थ्य सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में ऐसी कई केंद्रीय योजनाएं लागू नहीं की गई हैं, जिससे लोग वंचित रह गए हैं।

उन्होंने कहा, “कई केंद्रीय योजनाएं यहां लागू नहीं हुई हैं... राजनीतिक कारणों से लोगों को लाभ नहीं मिल पा रहा है,” और इसे बढ़ती गरीबी और पलायन का कारण बताया। सैनी ने वामपंथी शासन और मौजूदा TMC सरकार दोनों की आलोचना करते हुए कहा कि बंगाल दशकों से शोषण, बेरोजगारी और औद्योगिक गिरावट का सामना कर रहा है। बता दें कि पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।