चुनाव आयोग ने गुरुवार को 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तीसरे चरण की घोषणा की। इस चरण में देशभर के 36 करोड़ से अधिक मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। आयोग के अनुसार, यह प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी और इसके लिए लगभग 3.94 लाख बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त 3.42 लाख बूथ लेवल एजेंट (BLA) भी इस कार्य में सहयोग करेंगे।
चुनाव आयोग ने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और सहभागी होगी, जिसमें मतदाता, राजनीतिक दल और चुनाव अधिकारी सभी शामिल होंगे। आयोग ने सभी दलों से हर मतदान केंद्र पर अपने BLA नियुक्त करने की अपील की है। तीसरे चरण में ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम, मणिपुर, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, तेलंगाना, कर्नाटक, महाराष्ट्र, झारखंड, दिल्ली, मेघालय, नागालैंड और त्रिपुरा सहित 16 राज्य और 3 केंद्र शासित प्रदेश शामिल हैं।
दिल्ली में तैयारी, प्रशिक्षण और प्रिंटिंग का काम 20 जून से 29 जून 2026 तक होगा। इसके बाद 30 जून से 29 जुलाई तक BLO घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। मसौदा मतदाता सूची 5 अगस्त को प्रकाशित होगी और 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर 2026 को जारी होगी। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में जनगणना और मौसम संबंधी कारणों से विशेष पुनरीक्षण का कार्यक्रम बाद में घोषित किया जाएगा। चुनाव आयोग ने बताया कि पहले दो चरणों में 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 59 करोड़ से अधिक मतदाताओं का सत्यापन किया जा चुका है।