मेरठ में रैपिड रेल और मेट्रो परियोजना को हरी झंडी दिखाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 फरवरी को मेरठ पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुद्दिनपुर में जनसभा भी करेंगे जहां एक लाख लोगों का इंतजाम किया जा रहा है। सभी तैयारियां की जा रही हैं। हालांकि अभी कोई आधिकारिक प्रोग्राम नहीं आया है लेकिन बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री एक या दो स्टेशनों तक मेट्रो में सफर भी कर सकते हैं। मेरठ प्रशासन कार्यक्रम को लेकर तैयारी में जुट गया है।
प्रधानमंत्री मोदी की रैली को लेकर भाजपा सांसद अरुण गोविल ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
मेरठ से भाजपा सांसद अरुण गोविल ने प्रधानमंत्री मोदी की 22 फरवरी को मेरठ में होने वाली रैली के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 22 फरवरी को मेरठ के मुद्दिनपुर में होने वाली रैली में एक लाख लोग मोदी के सम्बोधन को सुनने के लिए पहुंच रहीं है और इस को आभार रैली का नाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि रैली की सभी तैयारियां अंतिम चरण में है। उन्होंने बताया कि पीएम मेरठ और आसपास के क्षेत्र के लोगो को देश की पहली रैपिड रेल यानि नमो भारत की सौगात देने पहुंच रहे हैं। इसके साथ साथ मेरठ मेट्रो का शुभारंभ भी करेंगे। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी मेरठ में नमो भारत ट्रेन में सफर करेंगे। इसके बाद वो महारैली को संबोधित करेंगे।
आप के बता दें कि दिल्ली से मेरठ मोदीपुरम तक रैपिड रेल का कुल 82 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर है इसमें दिल्ली से मेरठ साउथ तक 55 किलोमीटर लंबे हिस्से में नमो भारत रैपिड रेल पहले से ही जनता को समर्पित की जा चुकी है । जिसका लाभ मेरठ ,मोदीनगर और गाजियाबाद के लोग ले रहे हैं । वहीं मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 27 किलोमीटर के रूट पर पिछले कई महीनो से मेट्रो और नमो भारत ट्रेन का ट्रायल रन चल रहा है । प्रधानमंत्री मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक मेट्रो से यात्रा भी कर सकते हैं। कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन पूरी तरीके से सतर्क है।