Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

पीएम मोदी ने उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से की मुलाकात, दी दीपावली की शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस मुलाकात की जानकारी साझा की। पीएम मोदी ने लिखा, “उपराष्ट्रपति थिरु सीपी राधाकृष्णन जी से मुलाकात की और दीपावली की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया।”

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धनतेरस के अवसर पर भी देशवासियों को शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने कामना की कि भगवान धन्वंतरि की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य बना रहे। साथ ही हर घर में खुशियों का दीप जलता रहे।

सीएम योगी ने उपराष्ट्रपति का किया स्वागत

वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अयोध्या में आयोजित होने वाले दसवें दीपोत्सव में शामिल होने के लिए उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का स्वागत किया। सीएम योगी ने कहा कि इस पावन आयोजन में उपराष्ट्रपति की उपस्थिति दीपोत्सव को ऐतिहासिक और यादगार बनाएगी।

मुख्यमंत्री ने कई देशों के राजदूतों, उच्चायुक्तों और राजनयिकों का भी स्वागत किया। उन्होंने बताया कि सरयू नदी के किनारे 30 लाख से अधिक मिट्टी के दीप जलाए जाएंगे। यह आयोजन अंधकार पर प्रकाश और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देगा।

अयोध्या में दीपोत्सव को लेकर उत्साह

सीएम योगी ने अपने संदेश में कहा कि श्री अयोध्या धाम भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक गौरव के भव्य आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। लाखों दीपों की रोशनी सनातन धर्म के करोड़ों अनुयायियों की आस्था और वर्षों की प्रतीक्षा को एक बार फिर भव्य रूप देगी।

उन्होंने कहा कि दीपोत्सव समानता, सद्भाव, सांस्कृतिक एकता और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना को मजबूत करने वाला आयोजन है। भारत और विदेश से आने वाले अतिथियों, संतों और रामभक्तों की मौजूदगी इसे और खास बनाएगी।