प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीडिया के बदलते स्वरूप पर बात करते हुए कहा कि उन्होंने प्रेस रिलीज के दौर से लेकर इंस्टाग्राम रील के युग तक का पूरा बदलाव देखा है। मीडिया के साथ अपने पुराने जुड़ाव को याद करते हुए उन्होंने कहा कि पहले प्रेस रिलीज भेजने के लिए फैक्स मशीन ढूंढनी पड़ती थी, लेकिन आज संचार के तरीके पूरी तरह बदल चुके हैं।
प्रधानमंत्री गुरुवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने दिवाली और छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए पत्रकारों और उनके परिवारों के सुख-समृद्धि की कामना की।
पीएम मोदी ने कहा कि त्योहारों के समय हर कोई अपने परिवार के साथ रहना चाहता है, लेकिन ब्रेकिंग न्यूज की दौड़ और काम की व्यस्तता के बावजूद पत्रकारों ने इस कार्यक्रम के लिए समय निकाला, इसके लिए वह आभारी हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की दुनिया से उनका पुराना और सहज जुड़ाव रहा है। उन्होंने मीडिया में आए बदलावों को करीब से देखा है।
फैक्स मशीन से इंस्टाग्राम रील तक का सफर किया याद
प्रधानमंत्री ने 1990 के दशक का जिक्र करते हुए बताया कि उस समय उन्हें देशभर में दो बड़े अभियानों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। तब प्रेस रिलीज भेजने के लिए फैक्स मशीन तलाशनी पड़ती थी। दिल्ली आने के बाद भी मीडिया से जुड़ी जिम्मेदारियां उनके पास ही रहीं।
उन्होंने पुराने दीपावली मिलन कार्यक्रमों को याद करते हुए कहा कि उस समय ऐसे आयोजनों में उनकी जिम्मेदारी कुर्सियां लगाने और मेहमानों की देखभाल करने की होती थी। तब कैमरे कम होते थे, लेकिन पत्रकारों के साथ रिश्तों में उतनी ही गर्मजोशी और गहराई थी।
गुजरात का मुख्यमंत्री बनने की खबर पत्रकारों को पहले मिली
पीएम मोदी ने गुजरात का मुख्यमंत्री बनने से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि जब उन्हें गुजरात का मुख्यमंत्री बनाया जाना था, तब पार्टी के कई लोगों से पहले पत्रकारों को इसकी जानकारी मिल गई थी।
उन्होंने कहा कि एक दिन पत्रकारों का पूरा समूह उनके कमरे में पहुंच गया। उस समय पत्रकारों के बीच महिला पत्रकारों की भी मजबूत टीम थी। उन्होंने उनसे मिठाई खिलाने को कहा और बताया कि वह गुजरात जा रहे हैं तथा मुख्यमंत्री बनने वाले हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि मीडिया के साथ पुराने अनुभवों से उन्होंने बहुत कुछ सीखा है और उस समय मिली सीख आज भी उनके काम आती है।
सरकार प्रमुख के रूप में पूरे किए 25 साल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर को सरकार के प्रमुख के रूप में लगातार 25 साल पूरे किए। उन्होंने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद 26 मई 2014 को देश के प्रधानमंत्री बने। 9 जून 2024 को उन्होंने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली।