प्रस्तावित एयर शो को लेकर योगी सरकार काशी को आकर्षक रूप देने में जुटी है। बाबतपुर एयरपोर्ट से नमो घाट तक प्रमुख सड़कों, भवनों, फ्लाईओवर, अंडरपास और दीवारों का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य शहर पहुंचने वाले लोगों को काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक परंपराओं और कला से परिचित कराना है।
शहर में कहीं दीवारों पर गंगा की लहरें और घाटों के दृश्य उकेरे जा रहे हैं, तो कहीं गंगा आरती और सुबहे बनारस की झलक दिखाई जाएगी। इसके साथ ही सड़कों, पेड़ों, बिजली के खंभों और पुलों पर आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है।
दीवारों पर दिखेगी गंगा घाटों और सुबहे बनारस की झलक

वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने बताया कि काशी की पहचान उसकी समृद्ध विरासत, परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता से है। इसी को ध्यान में रखते हुए बाबतपुर एयरपोर्ट से नमो घाट तक पेंटिंग, म्यूरल आर्ट और आकर्षक लाइटिंग के जरिए शहर को सजाया जा रहा है।
दीवारों पर गंगा की लहरों, घाटों और गंगा तट के दृश्य उकेरे जा रहे हैं। भवनों पर गंगा घाटों और सुबहे बनारस से जुड़े चित्र दिखाई देंगे। इसके अलावा गंगा आरती, काशी की कला-संस्कृति और भगवान बुद्ध से जुड़े प्रसंगों को भी सजावट में शामिल किया जा रहा है। शहर के गीत-संगीत और नृत्य की झलक भी इस पहल का हिस्सा होगी।
डमरू, त्रिशूल और ॐ के प्रतीकों से सजेगा नमो घाट मार्ग

नमो घाट मार्ग के डिवाइडर पर भगवान शिव के डमरू, त्रिशूल और ॐ के प्रतीकों वाले झंडे लगाने की योजना है। इससे मार्ग को काशी की धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान के अनुरूप सजाया जाएगा।

वहीं, नमो घाट मार्ग पर मोटिफ लाइटें लगाने का काम जारी है। चौकाघाट पुल पर भी आकर्षक मोटिफ स्तंभ लगाए जा रहे हैं। नमो घाट और गया घाट पर पेंटिंग का काम चल रहा है, जबकि चौकाघाट क्षेत्र में भी सौंदर्यीकरण के विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं।

एक रंग में नजर आएंगी दुकानें और भवन
चौकाघाट से नमो घाट तक सड़क किनारे स्थित दुकानों और भवनों को एकरूपता देने के लिए एक ही रंग में रंगा जा रहा है। इससे पूरे मार्ग का दृश्य व्यवस्थित और आकर्षक नजर आएगा।
इसके साथ ही पेड़ों पर फसाड लाइटिंग और बिजली के खंभों पर स्पाइरल स्ट्रीट लाइट लगाई जा रही हैं। पुलों और अन्य प्रमुख स्थानों पर भी रोशनी की विशेष व्यवस्था की जा रही है, ताकि रात के समय शहर की सुंदरता और निखरे।
बाबतपुर एयरपोर्ट से नमो घाट तक होगी आकर्षक लाइटिंग

बाबतपुर एयरपोर्ट से अतुलानंद तक मोटिफ लाइटिंग लगाने और बिजली के खंभों पर स्ट्रिप लाइट लगाने का काम किया जा रहा है। बाबतपुर से बाबतपुर फ्लाईओवर तक डिवाइडर पर पेंटिंग कराई जा रही है। इसके अलावा बाबतपुर से नमो घाट ब्रिज तक पेड़ों और पुलों पर फसाड लाइटिंग लगाने का काम भी जारी है।
इन कार्यों के पूरा होने के बाद एयरपोर्ट से नमो घाट तक का मार्ग रंगों और रोशनी से सजा नजर आएगा। एयर शो के मद्देनजर हो रहा यह सौंदर्यीकरण काशी की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को प्रमुखता से सामने लाने के साथ शहर के आकर्षण को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।