Breaking News

उत्तराखंड में 10 IAS और 20 PCS अफसरों का ट्रांसफर, कई जिलों के CDO बदले     |   दिल्ली: शास्त्री पार्क अंडरपास के पास डीटीसी बस में लगी आग     |   सऊदी अरब में हूतियों का ड्रोन अटैक, पंपिंग स्टेशन को निशाना बनाने का दावा     |   अमेरिका: ब्रुकलिन में इमारत गिरने से एक की मौत, 10 जख्मी     |   हैदराबाद: मूसी कायाकल्प का पहला चरण जल्द होगा शुरू, CM रेवंत रेड्डी का ऐलान     |  

दीपावली पर यूपी-112 की बड़ी मुस्तैदी, तीन दिन में 2.05 लाख से अधिक लोगों को मिली मदद

उत्तर प्रदेश में दीपावली के दौरान लोगों की सुरक्षा और आपातकालीन जरूरतों को पूरा करने के लिए यूपी-112 की पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) तीन दिनों तक अलर्ट मोड पर रहीं। छोटी दीपावली से लेकर दीपावली के अगले दिन तक यूपी-112 ने कुल 2,05,738 लोगों तक पहुंचकर उन्हें मदद दी। यह संख्या सामान्य दिनों में रोजाना मिलने वाली करीब 38 हजार सहायता की तुलना में कई गुना अधिक है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था मजबूत रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत प्रदेशभर में पीआरवी को मुस्तैद रखा गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को जल्द से जल्द सहायता मिल सके।

दीपावली के अगले दिन सबसे ज्यादा लोगों को मिली मदद

यूपी-112 के डीजी विनोद कुमार सिंह के मुताबिक, 7 नवंबर को छोटी दीपावली के दिन 53,264 लोगों ने आपातकालीन सहायता प्राप्त की। 8 नवंबर को दीपावली के दिन यह संख्या बढ़कर 74,816 हो गई। वहीं, 9 नवंबर को 77,753 लोगों तक सहायता पहुंचाई गई। इस तरह तीन दिनों में कुल 2,05,738 लोगों को यूपी-112 की सेवाओं का लाभ मिला।

पुलिस, मेडिकल और फायर इमरजेंसी में पहुंची मदद

त्योहार के दौरान सबसे ज्यादा सहायता पुलिस से जुड़े मामलों में मांगी गई। मेडिकल इमरजेंसी के लिए 7 से 9 नवंबर के बीच 36,817 मामलों में एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराई गई। वहीं, आग लगने और अन्य अग्निशमन से जुड़ी आपात स्थितियों में 7,029 मामलों में फायर ब्रिगेड की मदद पहुंचाई गई।पीआरवी टीमों ने मौके पर पहुंचकर लोगों की समस्याओं के समाधान और जरूरत के अनुसार संबंधित सेवाओं को सक्रिय करने में भूमिका निभाई।

सवेरा योजना के तहत 2,018 बुजुर्गों को मिली सहायता

यूपी-112 ने वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए चलाई जा रही सवेरा योजना के तहत भी विशेष सतर्कता बरती। 7 से 9 नवंबर के बीच योजना में पंजीकृत 2,018 बुजुर्गों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराई गई। खास तौर पर अकेले रहने वाले बुजुर्गों की जरूरतों पर ध्यान दिया गया।

रात में अकेली महिलाओं को सुरक्षित पहुंचाया

महिलाओं की सुरक्षा के लिए यूपी-112 की 'एस्कॉर्ट फॉर वुमेन सेफ्टी' सेवा भी सक्रिय रही। इसके तहत रात 10 बजे से सुबह 6 बजे के बीच साधन उपलब्ध नहीं होने पर पीआरवी टीमों ने अकेली महिलाओं को उनके घर या तय गंतव्य तक पहुंचाया। 7 से 9 नवंबर के बीच इस सेवा के जरिए 11 महिलाओं को सुरक्षित पहुंचाने में मदद की गई।