लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने सोमवार को केंद्र शासित प्रदेश में पांच नए जिलों के गठन की अधिसूचना को मंजूरी दे दी। यह कदम प्रशासन को विकेंद्रीकृत करने और जमीनी स्तर पर शासन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। नुब्रा, शाम, चांगथांग, जांस्कर और द्रास को नए जिलों के रूप में बनाया गया है। इसके साथ ही लद्दाख में जिलों की संख्या बढ़कर अब दो से सात हो गई है।
उपराज्यपाल सक्सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा, “लद्दाख के लिए यह एक ऐतिहासिक दिन है। पांच नए जिलों के गठन से यहां के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित और समृद्ध लद्दाख के विजन के अनुरूप है।” उन्होंने बताया कि यह निर्णय गृह मंत्रालय द्वारा अगस्त 2024 में ही मंजूर कर लिया गया था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में लिए गए इस फैसले से प्रशासनिक व्यवस्था और मजबूत होगी तथा दूर-दराज के इलाकों तक सरकारी सेवाएं तेजी से पहुंच सकेंगी।
सक्सेना ने यह भी कहा कि नए जिलों के गठन से न केवल प्रशासन आम लोगों के करीब आएगा, बल्कि विकास, रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने सभी नागरिकों तक इस फैसले का लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता भी जताई। गौरतलब है कि लद्दाख 31 अक्टूबर 2019 को केंद्र शासित प्रदेश बना था और अपनी अनोखी संस्कृति तथा प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है।