जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर सुरक्षा बलों पर हमला हुआ। बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने एक नाके पर तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों पर गोलीबारी कर दी। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
CRPF के मुताबिक, घटना दोपहर करीब 2:15 बजे हुई। हमले के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने हमलावरों की तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया। घायलों को इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC), अनंतनाग में भर्ती कराया गया है।
तीन जवानों को लगी गोली
अधिकारियों के अनुसार, घायल जवानों की पहचान हेड कांस्टेबल सोमवीर सिंह और कांस्टेबल राकेश दास व संतोष चंद्रू के रूप में हुई है।
-
सोमवीर सिंह: मध्य प्रदेश के रहने वाले हेड कांस्टेबल सोमवीर सिंह के हाथ में गोली लगी है।
-
राकेश दास: असम निवासी कांस्टेबल राकेश दास के पैर में गोली लगी है।
-
संतोष चंद्रू: पश्चिम बंगाल के रहने वाले कांस्टेबल संतोष चंद्रू के पेट और रीढ़ की हड्डी में चोट आई है।
सोमवीर सिंह और राकेश दास की हालत स्थिर है, जबकि संतोष चंद्रू की स्थिति थोड़ी गंभीर बताई गई है।
हमलावरों की तलाश में कई एजेंसियां जुटीं
CRPF ने बयान जारी कर बताया कि कुलगाम में उसके नाके पर गोलीबारी हुई है और तीन जवान घायल हुए हैं। हमलावरों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। घायल जवानों को बेहतर इलाज दिया जा रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक, जिस नाके पर हमला हुआ, वह राष्ट्रीय राजमार्ग से करीब चार किलोमीटर दूर है। हमलावरों की तलाश में कई सुरक्षा एजेंसियां जुटी हुई हैं।