आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा स्थित पंडित नेहरू बस स्टैंड पर मंगलवार को एक लावारिस बैग मिलने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बैग की तलाशी ली तो उसमें 46 जिलेटिन स्टिक और 50 डेटोनेटर मिले। विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी। बस स्टैंड पर यात्रियों ने एक लावारिस बैग देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही कृष्णा लंका पुलिस मौके पर पहुंची और बैग की जांच शुरू की।
तलाशी के दौरान पुलिस को बैग से जिलेटिन स्टिक और डेटोनेटर समेत विस्फोटक सामग्री मिली। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बैग में कुल 46 जिलेटिन स्टिक और 50 डेटोनेटर थे। कृष्णा लंका के सर्किल इंस्पेक्टर मुरली कृष्णा ने बताया कि इन विस्फोटकों को क्वारी में ब्लास्टिंग के काम के लिए ले जाया जा रहा था। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विस्फोटक सामग्री कहां से लाई गई थी और इसे बस स्टैंड तक कौन लेकर आया था। मामले की आगे की जांच जारी है।