Breaking News

लद्दाख की मांगों पर सोनम वांगचुक ने तय की डेडलाइन     |   IRCTC केस में लालू परिवार पर 10 सितंबर को फैसला     |   बिहार में गंगा का जलस्तर रिकॉर्ड ऊंचाई पर, 12 जिलों में 22.42 लाख लोग प्रभावित     |   दिल्ली: सत्य निकेतन हादसे में बिल्डिंग मालिक की तलाश में 10 पुलिस टीमें गठित     |   दिल्ली सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसा: एक और शव बरामद, मृतकों की संख्या बढ़कर 7 हुई     |  

अमृतसर एयरपोर्ट पर ड्रोन से हड़कंप, 7 उड़ानों का रूट डायवर्ट, डेढ़ घंटे बंद रहा ऑपरेशन

अमृतसर एयरपोर्ट पर रविवार रात एयरफील्ड में कई ड्रोन दिखाई देने के बाद करीब डेढ़ घंटे तक उड़ानों का संचालन बंद रहा। इस दौरान एहतियात के तौर पर 7 उड़ानों का रूट डायवर्ट किया गया। स्थिति सामान्य होने के बाद एयरपोर्ट पर परिचालन फिर शुरू कर दिया गया। अमृतसर एयरपोर्ट के निदेशक अनिरुद्ध कुमार शर्मा ने बताया कि रात करीब 9:45 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को भारतीय वायुसेना से एयरफील्ड में ड्रोन देखे जाने की सूचना मिली।

ड्रोन की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट के SOP के तहत ज्वाइंट एक्शन कमेटी को सक्रिय किया गया। कमेटी ने ड्रोन गतिविधि के कारण विमानों की लैंडिंग में संभावित खतरे को देखते हुए एयरफील्ड को बंद करने का फैसला लिया। रात करीब 9:50 बजे उड़ानों का संचालन रोक दिया गया। उस समय कई विमान हवा में चक्कर लगा रहे थे। इसके चलते 7 उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। इनमें 2 उड़ानों को चंडीगढ़ और 5 उड़ानों को दिल्ली भेजा गया।

करीब रात 11 बजे कमेटी ने स्थिति की समीक्षा की और ड्रोन की कोई नई गतिविधि नहीं मिलने पर एयरपोर्ट का संचालन दोबारा शुरू करने का फैसला किया। रात 11:15 बजे एयरपोर्ट को सामान्य परिचालन के लिए खोल दिया गया। डायवर्ट की गई 7 उड़ानों में से 5 उड़ानें बाद में अमृतसर लौट आईं, जबकि दिल्ली भेजी गई एक एयर इंडिया की उड़ान रद्द कर दी गई। वहीं, मलेशिया की उड़ान के आज अमृतसर पहुंचने की उम्मीद है। एयरपोर्ट निदेशक ने बताया कि अब एयरपोर्ट पर सभी गतिविधियां सामान्य हैं। ड्रोन दिखाई देने की घटना की पुलिस जांच कर रही है।