समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत पर भाजपा ने हमला बोला है। भाजपा प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने दोनों दलों को ‘पूर्व सत्ताधारी गैंग’ बताते हुए आरोप लगाया कि इनके बीच सीट शेयरिंग नहीं, बल्कि इलाके बांटने को लेकर चर्चा हो रही है।
उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस की बैठक करीब 20 मिनट में ही खत्म हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद और आरोप-प्रत्यारोप की स्थिति बनी रही। भाजपा प्रवक्ता के मुताबिक, दोनों दलों के नेता एक-दूसरे पर निशाना साधते हुए नाराज होकर बैठक से बाहर निकल गए।
मुस्लिम वोट के लिए गठबंधन का आरोप
अंकुश त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन जनता की सेवा के उद्देश्य से नहीं, बल्कि मुस्लिम वोट हासिल करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने दोनों दलों को ‘वसूली गैंग’ बताते हुए कहा कि इनका लक्ष्य सत्ता में वापस आकर प्रदेश में फिर से लूटमार और अपहरण जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
जनता के हित में नहीं है सपा-कांग्रेस का गठजोड़: भाजपा
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सपा-कांग्रेस का संभावित गठबंधन प्रदेश की जनता के हित में नहीं है। उनके अनुसार, दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर आरोप लगाती रही हैं और उनके बीच आपसी भरोसे की कमी के कारण गठबंधन की राह आसान नहीं दिख रही है।
20 मिनट में खत्म हुई सीट शेयरिंग की बैठक
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं के बीच सोमवार को सीटों के बंटवारे पर चर्चा हुई। हालांकि, यह बैठक महज 20 मिनट तक चली।
बैठक के जल्दी समाप्त होने के बाद दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। सपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच पहले भी कई मुद्दों पर बयानबाजी होती रही है। ऐसे माहौल में सीटों के बंटवारे पर बातचीत शुरू हुई है।