Breaking News

अमेरिका और ईरान ने संकेत दिया कि वे सीजफायर वार्ता के लिए पाकिस्तान जाएंगे     |   ईरान का कोई डेलिगेशन बातचीत के लिए अब तक पाकिस्तान नहीं पहुंचा     |   ईरान ने कई बार सीजफायर का उल्लंघन किया है: डोनाल्ड ट्रंप     |   महाराष्ट्र: पालघर में पटाखा फैक्ट्री में धमाका, दो की मौत और चार घायल     |   ईरान 50 दिनों के अंतराल के बाद कल से घरेलू उड़ानें फिर से शुरू करेगा     |  

दिल्ली पुलिस ने किया ISI से जुड़े मॉड्यूल का भंडाफोड़, टारगेट किलिंग की साजिश रच रहे दो आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तान स्थित आईएसआई के सहयोगी और गैंगस्टर शाहजाद भट्टी से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजवीर और विवेक बंजारा के रूप में हुई है, जो दिल्ली-एनसीआर में टारगेट किलिंग और फायरिंग की साजिश रच रहे थे। पुलिस के अनुसार, स्पेशल सेल को इनपुट मिला था कि शाहजाद भट्टी और उसके सहयोगी भारत में मौजूद कुछ लोगों के साथ मिलकर ग्रेनेड हमलों और टारगेट किलिंग की योजना बना रहे हैं। इसके बाद 31 मार्च को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान विवेक बंजारा को मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा से 16 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के आधार पर मुख्य आरोपी राजवीर को 18 अप्रैल को दिल्ली के सराय काले खां इलाके से पकड़ा गया, जहां वह एक प्रमुख होटल पर फायरिंग की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्तौल, छह जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें आपत्तिजनक वीडियो और वॉइस नोट्स मिले हैं।

जांच में खुलासा हुआ है कि राजवीर को सोशल मीडिया के जरिए ‘राणा भाई’ नामक व्यक्ति ने भर्ती किया था, जो शाहजाद भट्टी का सहयोगी है। बाद में राजवीर ने विवेक को भी इस नेटवर्क से जोड़ा। पुलिस के मुताबिक, मार्च 2026 में भट्टी ने राजवीर को अहमदाबाद से हथियार मंगाने के निर्देश दिए थे, लेकिन यह डिलीवरी पूरी नहीं हो सकी। इसके बाद 9 अप्रैल को दोनों आरोपी अमृतसर गए, जहां से उन्हें एक पिस्तौल, 15-20 कारतूस और 20 हजार रुपये मिले।

इन हथियारों का इस्तेमाल पंजाब के जीरकपुर स्थित एक क्लब पर फायरिंग के लिए किया जाना था, जिसे पहले भट्टी की ओर से धमकियां मिल चुकी थीं। हालांकि 11 अप्रैल को पिस्तौल में खराबी के कारण आरोपी फायरिंग नहीं कर सके। इस दौरान विवेक ने घटना का वीडियो बनाकर भट्टी को भेजा। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।