भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने पहली सूची में 144 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। भाजपा ने इस सूची में कई बड़े नेताओं को मैदान में उतारा है। पार्टी ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी को दो सीटों नंदीग्राम और भवानीपुर से उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने उत्तर बंगाल और दक्षिण बंगाल की कई अहम सीटों पर भी प्रमुख चेहरों को टिकट दिया है। शंकर घोष को सिलीगुड़ी,अशोक डिंडा को मोयना, अग्निमित्रा पॉल को आसनसोल दक्षिण, दिलीप घोष को खड़गपुर सदर और स्वपन दासगुप्ता को रासबेहारी से चुनाव मैदान में उतारा गया है। पार्टी का मानना है कि इन नेताओं के जरिए बंगाल में संगठन को मजबूती मिलेगी और विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया जा सकेगा। भाजपा ने संकेत दिया है कि जल्द ही बाकी सीटों के लिए भी उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी।
वहीं, रविवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए चुनाव आयोग ने पूरा कार्यक्रम घोषित कर दिया है। राज्य की 294 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे और सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को 148 सीटों का बहुमत हासिल करना होगा। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण की अधिसूचना 30 मार्च को जारी होगी, जबकि दूसरे चरण की अधिसूचना 2 अप्रैल को जारी की जाएगी। पहले चरण के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 6 अप्रैल और दूसरे चरण के लिए 9 अप्रैल तय की गई है। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच 7 अप्रैल और 10 अप्रैल को की जाएगी। उम्मीदवार पहले चरण के लिए 9 अप्रैल और दूसरे चरण के लिए 13 अप्रैल तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
मतदान की बात करें तो पहले चरण की वोटिंग 23 अप्रैल को और दूसरे चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को होगी। दोनों चरणों के मतदान के बाद 4 मई को वोटों की गिनती की जाएगी और उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। पश्चिम बंगाल में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए 148 सीटों का बहुमत जरूरी है। भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच इस बार भी कड़ा मुकाबला होने की संभावना है।